वाराणसी, 7 जुलाई, 2025: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक भाजपा कार्यकर्ता संजय सिंह पर हमला किया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव में करीब 15 से 20 की संख्या में राजभर समुदाय के लोगों ने संजय सिंह को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और घायल संजय सिंह को पांडेपुर स्थित दीनदयाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
पीड़ित संजय सिंह का आरोप है कि यह क्षेत्र यादव और राजभर समुदाय का गढ़ है, और वे वहाँ अकेले क्षत्रिय समुदाय से हैं, साथ ही भाजपा के समर्थक भी हैं। इसी रंजिश के चलते उन पर यह हमला किया गया। संजय सिंह ने यह भी बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर पहले भी ज्ञापन दिया था, लेकिन कोई सुनवाई न होने के कारण आज इतनी बड़ी घटना घटित हुई है। उन्होंने प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद, आज अस्पताल में भाजपा और क्षत्रिय महासभा के समर्थकों एवं शुभचिंतकों का ताँता लगा रहा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी संजय सिंह से मिलने पहुँचे। इनमें प्रमुख रूप से चिराई गाँव के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुधीर सिंह पप्पू, क्षत्रिय महासभा के युवा संरक्षक जालूपुर मंगरू सिंह, हरिशंकर सिंह, जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, और भाजपा के रामप्रवेश दुबे, पंकज सिंह सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। सभी ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल और उचित कार्रवाई की अपील की है।