Azamgarh News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज आजमगढ़ के विकासखंड सठियांव के केरमा गांव में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “आपने (जनता ने) यहां से बड़े-बड़े लोगों को चुनाव जिताकर भेजा जिन्होंने सिर्फ परिवार का विकास किया। उन्होंने देश को भाषा और जाति के नाम पर बांटने का पाप किया है।”
सीएम योगी ने जोर दिया कि भाजपा विकास पर विश्वास करती है, विभाजन में नहीं। उन्होंने कहा कि जब जनता ने निरहुआ (दिनेश लाल यादव) को यहां से सांसद बनाया, तो आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय और संगीत महाविद्यालय बना, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे मिला और जिले में सड़कों का जाल बिछाया गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और पर्यावरण संरक्षण
मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को धरती माता और जन्मदायिनी मां के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताया। उन्होंने वैदिक उद्घोष ‘माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः’ का उल्लेख करते हुए कहा कि एक सच्चा पुत्र वही है जो अपनी मां की सेवा और रक्षा करता है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेशवासियों ने सुबह 7 बजे से ही उत्साह के साथ पौधरोपण शुरू किया है।
योगी ने कहा कि यह अभियान वर्तमान को संवारने और भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है। उन्होंने पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ हमें प्रदूषण, सांस की बीमारियों और कार्बन उत्सर्जन के दुष्प्रभावों से बचाएंगे। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 204 करोड़ पौधे रोपित किए गए हैं, जिनमें से 75 फीसदी से ज़्यादा पेड़ जीवित हैं।

हीट वेव से ग्रीन वेव की ओर बढ़ रहा उत्तर प्रदेश
सीएम ने बताया कि पिछले कुछ समय में उत्तर प्रदेश में पांच लाख एकड़ क्षेत्र में वन क्षेत्र बढ़ा है। उन्होंने कहा, “अब हम हीट वेव से ग्रीन वेव की ओर बढ़ रहे हैं।” यह प्रयास न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने में सहायक है, बल्कि जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि आठ वर्ष पूर्व प्रदेश में पांच करोड़ नर्सरियां थीं, जो आज 52 करोड़ तक पहुंच गई हैं। उन्होंने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि किसान अपने खेत के मेड़ पर पौधे लगाता है, तो उसे छह डॉलर (लगभग 600 रुपये) प्रति परिवार मिलता है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को जिले में बहने वाली नदियों को स्वच्छ बनाने की पहल के लिए धन्यवाद भी दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि एक पौधा लगाएं, उसकी सेल्फी लें और वन विभाग को भेजें, जिसके लिए उन्हें पुरस्कार भी मिलेगा।