चंदौली, उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार दोपहर चंदौली पहुंच गए हैं। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। सीएम कलेक्ट्रेट में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जनपद में चल रहे विकास कार्यों और शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए चंदौली प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है।
सीएम का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री दोपहर 2:14 बजे हेलीकॉप्टर से चंदौली मुख्यालय के पास जगदीशसराय स्थित एक निजी स्कूल परिसर में बने हेलीपैड पर उतरे। वहां से वह कार द्वारा सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचे। सीएम यहां आकांक्षात्मक जनपद में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करेंगे। ऐसी भी संभावना है कि वह न्यायालय भवन निर्माण के लिए शिलान्यास कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री लगभग दो घंटे तक चंदौली में रहेंगे और उसके बाद वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे। सीएम के आगमन के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारी एक दिन पहले से ही तैयारियों में जुटे हुए थे।