केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने राजकीय संप्रेक्षण गृह वाराणसी का निरीक्षण किया, किशोरों को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया

वाराणसी, 8 जुलाई, 2025: केंद्रीय राज्यमंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार, श्रीमती सावित्री ठाकुर ने आज वाराणसी में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्था में रह रहे किशोरों से बातचीत की और उनके कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के समय जिला प्रोबेशन अधिकारी/उपनिदेशक महिला कल्याण वाराणसी श्री पंकज कुमार मिश्र, बाल विकास परियोजना अधिकारी राकेश बहादुर (बड़गांव), रमेश, संरक्षण अधिकारी निरुपमा सिंह, संस्था के प्रभारी अधीक्षक कमलेश पांडेय सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

संस्था में वर्तमान में वाराणसी, चंदौली और जौनपुर जिलों के कुल 122 किशोर आवासित थे। मंत्री महोदया ने किशोरों से उनकी दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। किशोरों ने बताया कि वे सुबह 5 बजे उठकर नित्य क्रिया के बाद योग/प्राणायाम करते हैं और फिर नाश्ता करते हैं। संस्था में पढ़ाई, खेलकूद, मनोरंजन, नृत्य और संगीत की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित होती हैं, और किशोर बागबानी भी करते हैं। बेसिक शिक्षा विभाग से किशोरों को शिक्षित करने के लिए अध्यापकों की तैनाती की गई है।

श्रीमती ठाकुर ने किशोरों से उनके प्रकरणों के बारे में भी जानकारी ली और सभी का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने किशोरों को अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जो बीत गया उसे भूलकर एक अच्छे और जिम्मेदार नागरिक बनें। उन्होंने पढ़ाई और कौशलपरक योजनाओं को गंभीरता से लेने तथा अपने आने वाले कल के लिए शत-प्रतिशत योगदान देने की सलाह दी, ताकि उनके माता-पिता और समाज को उन पर गर्व हो। उन्होंने यह भी नसीहत दी कि ऐसी गलतियां न दोहराएं जिससे उन्हें दोबारा संस्था में आना पड़े।

अंत में, मंत्री महोदया ने महिला कल्याण विभाग और संस्था के कार्मिकों द्वारा किशोरों के हित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की और सभी किशोरों को उनके बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *