वाराणसी की बेटी ममता पाल ने अमेरिका में जीता स्वर्ण पदक, अजय राय ने किया सम्मानित

वाराणसी: वाराणसी की बेटी और उत्तर प्रदेश पुलिस की कांस्टेबल ममता पाल ने एक बार फिर देश, प्रदेश और ज़िले का नाम रोशन किया है। अमेरिका के अलबामा राज्य के बर्मिघम शहर में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में ममता ने 5000 मीटर क्रॉस कंट्री दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस गौरवपूर्ण जीत पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बिटिया को सम्मानित कर बधाई दी।


देश का नाम किया रोशन

बढ़ैनी खुर्द गाँव की निवासी ममता पाल उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर कार्यरत हैं। वह अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के लिए जानी जाती हैं। इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की ओर से 260 खिलाड़ियों का दल गया था, जिसमें ममता पाल भी शामिल थीं और उन्होंने अपनी काबिलियत साबित कर दी।

इस गौरवपूर्ण क्षण पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ममता पाल को अंगवस्त्रम भेंट कर और मिष्ठान खिलाकर बधाई दी।


अजय राय ने कहा – “बिटिया ने इतिहास रचा है”

काशी की बेटी ममता पाल को सम्मानित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि “काशी की धरती की बेटी ने विश्व पटल पर परचम लहराया है। ममता पाल को 5000 मीटर क्रॉस कंट्री दौड़ में अमेरिका में स्वर्ण जीतने पर बधाई। बिटिया ने इतिहास रचा है, यह गौरवपूर्ण क्षण है।”

उन्होंने आगे कहा कि ममता पाल के शानदार खेल और मेहनत ने अपने देश, राज्य और वाराणसी का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि पूरे देश और खासकर वाराणसी के लिए गर्व का क्षण है। अजय राय ने ज़ोर देकर कहा कि ममता ने अपनी मेहनत और जज़्बे से देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। इस स्वर्ण पदक जीत के साथ यह साबित हो गया है कि भारतीय महिलाएँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं; वे हर मैदान में जीत की वो चमक बिखेर रही हैं जो हर भारतीय को गर्व महसूस कराती है। उन्होंने ममता पाल को ढेर सारी शुभकामनाएँ दीं और कामना की कि वह इसी तरह आगे बढ़ती रहें और भारत का नाम रोशन करती रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *