लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर इलाके से एक 15 वर्षीय मंदबुद्धि युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता राजू पटेल ने लंका थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राजू पटेल के अनुसार, उनकी बेटी बीते 9 जुलाई को सुबह 8 बजे पानी लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन तब से वापस नहीं लौटी। परिवार ने काफी खोजबीन की, पर उसका कोई सुराग नहीं मिला। बताया जा रहा है कि युवती ने घर से दो दिन पहले कुछ पैसे निकाल लिए थे, जिसके कारण उसकी मां ने उसे डांटा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि युवती के जाने के रास्ते का पता चल सके।
विश्वसुंदरी पुल पर सड़क हादसे में युवक की मौत, अज्ञात वाहन पर केस दर्ज
वाराणसी, 10 जुलाई, 2025: लंका थाना क्षेत्र के विश्वसुंदरी पुल के ऊपर बुधवार को हुए एक सड़क हादसे में सुरेश साहनी (35) की मौत हो गई। सुरेश चितईपुर थाना क्षेत्र के टिकरी गांव के रहने वाले थे और किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी बहन के घर राजघाट से मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। मृतक की पत्नी आरती साहनी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सुरेश साहनी खेती और प्राइवेट काम करते थे।