पद्मश्री धनराज पिल्लई ने बनारस के युवा हॉकी खिलाड़ियों से किया संवाद

वाराणसी के सुंदरपुर स्थित ओमेगा प्लस हॉस्पिटल में पद्मश्री Dhanraj Pillay ने युवा हॉकी खिलाड़ियों से संवाद कर फिटनेस, अनुशासन और स्पोर्ट्स इंजरी से बचाव के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। कार्यक्रम में Rahul Singh और गौरी शंकर सिंह भी उपस्थित रहे।

Apr 7, 2026 - 15:19
 0
पद्मश्री धनराज पिल्लई ने बनारस के युवा हॉकी खिलाड़ियों से किया संवाद

वाराणसी से अश्वनी सेठ की रिपोर्ट 

वाराणसी सुंदरपुर स्थित ओमेगा प्लस हॉस्पिटल में 5 अप्रैल 2026 को एक भव्य और प्रेरणादायक स्पोर्ट्स एंड फिटनेस संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में भारतीय हॉकी के दिग्गज, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और पद्मश्री सम्मानित Dhanraj Pillay ने बनारस के उभरते हुए युवा हॉकी खिलाड़ियों से संवाद कर उन्हें प्रेरित किया।

कार्यक्रम में श्री गौरी शंकर सिंह (विवेक अकादमी) एवं Rahul Singh की गरिमामयी उपस्थिति रही। वाराणसी के युवा खिलाड़ियों ने अतिथियों का भव्य स्वागत किया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों से खेलों में अनुशासन, फिटनेस के महत्व, खेल के दौरान सावधानी बरतने तथा चोट से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

धनराज पिल्लई ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक सफल खिलाड़ी बनने के लिए केवल प्रतिभा ही पर्याप्त नहीं होती, बल्कि निरंतर अभ्यास, सही मार्गदर्शन, अनुशासन और मानसिक मजबूती भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को नियमित अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का संदेश दिया।

इसके पश्चात छात्रों एवं युवा खिलाड़ियों के साथ एक विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें धनराज पिल्लई और राहुल सिंह ने अपने खेल जीवन के वास्तविक अनुभव, संघर्ष और उपलब्धियों को साझा किया। इस दौरान धनराज पिल्लई ने भारत-पाकिस्तान हॉकी मुकाबलों के रोमांचक अनुभव, हार-जीत के क्षण और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रेरक प्रसंग सुनाकर खिलाड़ियों में नया उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम में फिटनेस, स्पोर्ट्स इंजरी से बचाव, फिजियोथेरेपी की भूमिका और खेलों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। ओमेगा प्लस हॉस्पिटल के फिजियोथेरेपिस्ट मनीष सिंह ने खिलाड़ियों को चोट से बचाव और शीघ्र रिकवरी के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी।

हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. कर्म राज सिंह ने बताया कि ओमेगा प्लस हॉस्पिटल लगातार ऐसे प्रयास कर रहा है, जिनके माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक किया जा सके, उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया जा सके तथा घुटना और कंधे की स्पोर्ट्स इंजरी के आधुनिक दूरबीन शल्य उपचार (आर्थ्रोस्कोपी) की जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

कार्यक्रम का समापन उत्साह, प्रेरणा और खेल भावना के संदेश के साथ हुआ।