मिर्जापुर में धूमधाम से मनाया गया बुद्ध महोत्सव, सम्राट अशोक स्तंभ का हुआ अनावरण

मिर्जापुर के चुनाडीह में आयोजित बुद्ध महोत्सव एवं सम्राट अशोक स्तंभ अनावरण समारोह में हजारों लोगों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि बाबू सिंह कुशवाहा ने सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और गौतम बुद्ध के विचारों को अपनाने का आह्वान किया।

Jun 1, 2026 - 13:30
 0
मिर्जापुर में धूमधाम से मनाया गया बुद्ध महोत्सव, सम्राट अशोक स्तंभ का हुआ अनावरण

मिर्जापुर। चुनाडीह व्यायामशाला परिसर में रविवार को भव्य बुद्ध महोत्सव एवं सम्राट अशोक स्तंभ अनावरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में बौद्ध अनुयायियों, उपासकों, ग्रामीण महिलाओं एवं युवाओं ने भाग लिया। समारोह के मुख्य अतिथि जन अधिकार पार्टी के संस्थापक एवं जौनपुर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। पंचशील और त्रिशरण के पाठ के बीच उपस्थित लोगों ने शांति, करुणा और मानवता के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जन अधिकार पार्टी के वाराणसी जिलाध्यक्ष अशोक कुमार मौर्य ने की, जबकि संचालन मंडल प्रभारी अनिल कुमार मौर्य ने किया।

बुद्ध महोत्सव में मुख्य वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, समान अधिकार और वंचित वर्गों के उत्थान पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष चंद्रसेन पाल, राष्ट्रीय संगठन मंत्री विजय नारायण वर्मा, प्रदेश प्रमुख महासचिव भागीरथी सिंह मौर्य, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पंकज मनु विश्वकर्मा तथा प्रदेश महासचिव रामकृष्ण प्रजापति सहित अन्य नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर जन अधिकार पार्टी के वरिष्ठ नेता हेमंत कुशवाहा ने संगठन को प्रदेशभर में और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया तथा सामाजिक एकता एवं सहयोग पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान सम्राट अशोक सेना के संस्थापक मोती पहलवान एवं अध्यक्ष राजेश कुमार मौर्य ने मुख्य अतिथि बाबू सिंह कुशवाहा को बुके एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि जब तक जल, जंगल, जमीन, धन और शासन व्यवस्था में समाज के सभी वंचित एवं शोषित वर्गों को समान भागीदारी नहीं मिलेगी, तब तक संविधान की मूल भावना पूरी नहीं मानी जा सकती। उन्होंने गौतम बुद्ध के "युद्ध नहीं, बुद्ध" के संदेश को अपनाने और सम्राट अशोक जैसे आदर्श शासक की सोच विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के वंचित समुदाय आज भी बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सामाजिक न्याय और समान अवसरों के मुद्दे आगामी विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में इंद्र कुमार, संतोष कुमार पटेल, सुमन प्रजापति, महेंद्र प्रजापति, रमाशंकर, बीरेंद्र कुमार, रामप्रकाश, अशोक कुमार, संजय कुमार, शाहनवाज खान, अजय कुमार, बाबू राजभर, संगीता रीति गुप्ता, गुंजा देवी, आशा देवी सहित हजारों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।