Chandauli: मुगलसराय में अवैध गेस्ट हाउसों की बाढ़, सुरक्षा पर गंभीर सवाल

मुगलसराय में अवैध रूप से संचालित गेस्ट हाउस और लॉजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बिना पार्किंग, बिना सराय एक्ट पंजीकरण और सुरक्षा मानकों के चल रहे ये गेस्ट हाउस अपराधियों की शरणस्थली बनते जा रहे हैं। प्रशासन और लोकल इंटेलिजेंस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल।

Feb 19, 2026 - 12:08
 0
Chandauli: मुगलसराय में अवैध गेस्ट हाउसों की बाढ़, सुरक्षा पर गंभीर सवाल

 ब्यूरो चीफ मनीष कुमार द्विवेदी की रिपोर्ट

Chandauli: मुगलसराय नगर में इन दिनों अवैध रूप से संचालित गेस्ट हाउस और लॉजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बड़ी गलियों-मोहल्लों से लेकर संकरी और घनी आबादी वाले क्षेत्रों तक, यहां बिना आवश्यक मानकों को पूरा किए गेस्ट हाउस खोले जा रहे हैं। इनमें न तो पार्किंग की समुचित व्यवस्था है और न ही सराय एक्ट के तहत अनिवार्य पंजीकरण।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन गेस्ट हाउसों में सुरक्षा नियमों की खुलकर अनदेखी हो रही है। कई स्थानों पर बहुमंजिला इमारतों में बिना नक्शा पास कराए और बिना अग्निशमन व्यवस्था के संचालन किया जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले नागरिकों को खतरा बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, ये अवैध गेस्ट हाउस अपराधियों और अवांछनीय तत्वों की शरणस्थली बनते जा रहे हैं। आसपास के जिलों से आने वाले संदिग्ध लोगों के लिए ये ठिकाने सुरक्षित माने जाते हैं। कई बार इन स्थानों को अय्याशी के अड्डों के रूप में भी इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि लाइसेंस जारी करने वाली संबंधित एजेंसियों और स्थानीय खुफिया तंत्र की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर बिना वैध दस्तावेजों और सुरक्षा जांच के ये गेस्ट हाउस कैसे संचालित हो रहे हैं? हर बड़ी घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की सक्रियता बढ़ती है, लेकिन कुछ समय बाद हालात फिर जस के तस हो जाते हैं।

नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से चल रहे गेस्ट हाउसों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए, सराय एक्ट के तहत अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए और सुरक्षा मानकों का पालन न करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं।

अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस बढ़ती समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करता है और नगर की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाता है।