मिर्जापुर गंगा में आरोपी का शव: जिसने युवती का रेता था गला, अब आरोपी अब्दुल (सैफ) का गंगा में मिला शव; BJP विधायक बोले- पाप धोने के लिए किया सुसाइड
Mirzapur Ganga Mein Aaropi Ka Shav: मिर्जापुर में युवती का गला रेतने वाले फरार आरोपी अब्दुल उर्फ सैफ का शव गंगा में मिला। BJP विधायक रत्नाकर मिश्रा ने इसे 'पाप धोने के लिए सुसाइड' बताया।
मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश: मिर्जापुर में युवती का गला ब्लेड से रेतकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अब्दुल उर्फ सैफ का शव चार दिन बाद गंगा नदी में उतराया मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने ₹25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए मिर्जापुर के सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने कहा है कि आरोपी को अपने किए पर आत्मग्लानि हुई होगी, इसलिए उसने गंगा नदी में खुद छलांग लगाकर जान दी है, यह हत्या का मामला नहीं है।
क्या था पूरा मामला?
-
घटना: 5 दिसंबर को कटरा कोतवाली क्षेत्र के गणेशगंज मोहल्ले में आरोपी अब्दुल उर्फ सैफ ने एक युवती के घर में घुसकर कथित तौर पर ब्लेड से उसका गला और हाथ की नस रेत दी थी।
-
पीड़िता की स्थिति: गंभीर रूप से घायल युवती को वाराणसी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार अभी भी जारी है।
-
आरोप: पीड़िता के भाई ने आरोप लगाया था कि आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बना रहा था, विरोध करने पर उसने हमला किया।
-
पुलिस कार्रवाई: आरोपी की मां सहित नौ लोगों को हिरासत में लिया गया था और बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी के लिए उसके घर की मापी भी कराई गई थी।
गंगा नदी में मिला शव
शहर कोतवाली क्षेत्र के महर्षि दयानंद स्कूल के पास गंगा नदी में यह शव उतराया हुआ मिला, जिसकी पहचान फरार आरोपी अब्दुल उर्फ सैफ के रूप में हुई।
-
विधायक का बयान: सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने कहा, "ऐसा पाप करने वाला जानता था कि अब कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचा है, इसलिए उसने स्वयं गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसने जघन्य अपराध किया है, वह पाताल में भी छिपेगा तो पुलिस उसे ढूंढ निकालेगी।"
-
सुरक्षा: शहर में तनाव की स्थिति को देखते हुए और शव मिलने के बाद, पुलिस ने मृतक के मोहल्ले में ड्रोन कैमरों से निगरानी बढ़ा दी है और भारी फोर्स तैनात कर दी है।
पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।