चंदौली: मातेश्वरी लॉन में गहना चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार
चंदौली के अलीनगर थाना पुलिस ने मातेश्वरी लॉन में हुई गहना चोरी का खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 20.07 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया।
मनीष द्विवेदी ब्यूरो चीफ चंदौली
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में अलीनगर पुलिस ने गहना चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20.07 ग्राम गली हुई पीली धातु (सोना) बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के आलू मिल स्थित मातेश्वरी लॉन में 12 फरवरी को गोपाल मिश्रा की बहन की शादी समारोह आयोजित था। द्वार पूजा के दौरान ड्रेसिंग रूम में कुछ महिलाएं अपने आभूषण बदल रही थीं। इसी दौरान आरोपी कमरे में घुस गए और एक महिला के गहने चोरी कर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल सेठ पुत्र संतोष सेठ निवासी धुस खास, तुषार वर्मा पुत्र मनोज वर्मा निवासी वेस्टर्न गली मुगलसराय और बाल अपचारी अमित कुमार यादव पुत्र अमरनाथ यादव निवासी आलमपुर की मड़ई अलीनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद तीनों ने मिलकर हार, झुमका और कंगन को गलाकर बेचने की तैयारी कर ली थी। हालांकि, गोधन चौराहे के पास पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने शौक पूरे करने के लिए शादी समारोह से गहनों की चोरी की थी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, उपनिरीक्षक अमित सिंह, धुरंधर प्रसाद, हेड कांस्टेबल रोशन यादव, प्रवेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।