आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में डीडीयू स्टेशन से 16.25 लाख रुपये नकद बरामद
होली पर्व से पहले डीडीयू स्टेशन पर आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त चेकिंग में 16.25 लाख रुपये नकद बरामद। संदिग्ध यात्री को आयकर विभाग के सुपुर्द कर आगे की कार्रवाई जारी।
ब्यूरो चीफ मनीष कुमार द्विवेदी की रिपोर्ट
डीडीयू। आगामी होली पर्व को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर 20 फरवरी 2026 की शाम रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट डीडीयू और जीआरपी की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक यात्री के पास से 16 लाख 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत और जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में आरपीएफ, जीआरपी एवं सीआईबी की संयुक्त टीम डीडीयू स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर चेकिंग कर रही थी। इसी क्रम में शाम करीब 6 बजे स्टेशन के पैदल गामी पुल पर एक व्यक्ति लाल रंग का छोटा बैग लेकर तेज कदमों से जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम सोनू कुमार सोनी (37 वर्ष), पुत्र बनारसी प्रसाद सोनी, निवासी पानी टंकी धनटोलिया मुहल्ला, वार्ड नंबर 26, थाना डेहरी ऑन सोन, जिला रोहतास (बिहार) बताया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में नकदी मिली। मौके पर नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
टीम द्वारा उक्त व्यक्ति को बरामद नकदी सहित आरपीएफ पोस्ट डीडीयू लाया गया, जहां गिनती करने पर कुल 16,25,000 रुपये पाए गए। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह यह राशि वाराणसी से डेहरी ऑन सोन ले जा रहा था।
मामला आयकर विभाग से संबंधित प्रतीत होने पर इसकी सूचना वाराणसी आयकर विभाग को दी गई। सूचना पर पहुंची आयकर विभाग की टीम को व्यक्ति और बरामद नकदी को सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल आयकर विभाग द्वारा आगे की पूछताछ की जा रही है।
इस संयुक्त चेकिंग अभियान में आरपीएफ की ओर से उप निरीक्षक अर्चना मीणा, आरक्षी पवनेश कुमार सिंह, अजय पाल, बृजेश कुमार सिंह, सीआईबी से अवधेश प्रताप तथा जीआरपी के उप निरीक्षक संदीप शर्मा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन ने त्योहार के मद्देनजर आगे भी सघन जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।