बनारस रेलवे स्टेशन पर स्काउट-गाइड द्वारा निःशुल्क जल सेवा शिविर आयोजित, यात्रियों को मिली गर्मी से राहत

बनारस रेलवे स्टेशन पर भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ वाराणसी के गाइड विंग द्वारा निःशुल्क जल सेवा शिविर आयोजित किया गया। 13 गाइड एवं रेंजरों ने यात्रियों को शीतल पेयजल वितरित कर भीषण गर्मी में राहत पहुंचाई।

Jun 1, 2026 - 13:22
 0
बनारस रेलवे स्टेशन पर स्काउट-गाइड द्वारा निःशुल्क जल सेवा शिविर आयोजित, यात्रियों को मिली गर्मी से राहत

वाराणसी, 31 मई 2026। भीषण गर्मी के बीच रेल यात्रियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एवं वैगन) अनुभव पाठक के नेतृत्व में संचालित ग्रीष्मकालीन जल सेवा अभियान के अंतर्गत रविवार को बनारस रेलवे स्टेशन पर निःशुल्क जल सेवा शिविर का आयोजन किया गया।

भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ वाराणसी के गाइड विंग द्वारा आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में कुल 13 गाइड एवं रेंजरों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया। भीषण गर्मी में इस पहल से यात्रियों को काफी राहत मिली और उन्होंने स्काउट-गाइड सदस्यों के सेवा भाव की सराहना की।

कार्यक्रम का नेतृत्व नाहिद फातिमा, सहायक राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) एवं आशा शर्मा, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) द्वारा किया गया। वहीं शिविर का सफल संचालन अर्पिता साहा (हिमालया वुड बैज फ्लॉक लीडर) तथा काजल राय (एडवांस्ड रेंजर लीडर) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर गाइड एवं रेंजरों ने सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का परिचय देते हुए यात्रियों को जल संरक्षण और जनसेवा के प्रति भी जागरूक किया। रेल प्रशासन द्वारा संचालित यह ग्रीष्मकालीन जल सेवा अभियान यात्रियों की सुविधा एवं राहत के लिए लगातार जारी है।