जबलपुर घरेलू हिंसा संपत्ति विवाद: 'मेरे नाम का मकान धोखे से हड़पा', 16 साल की शादी में पति की हैवानियत का सबूत लेकर SP ऑफिस पहुंची पीड़िता
Jabalpur Gharelu Himsa Sampatti Vivaad: जबलपुर में 16 साल की शादी में पति और ससुराल वालों पर टॉर्चर का आरोप। धोखे से मायके का मकान हड़पा और बिजली-पानी काटा। घायल पत्नी ने SP ऑफिस पहुंचकर न्याय मांगा।
जबलपुर, मध्य प्रदेश: जबलपुर से घरेलू हिंसा और संपत्ति हड़पने की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पुलिस प्रशासन को भी हिलाकर रख दिया है। सिद्धबाबा क्षेत्र की रहने वाली प्रीति श्रीवास्तव नामक महिला सोमवार को घायल अवस्था में एसपी कार्यालय पहुंची, जहाँ उन्होंने अधिकारियों को अपने पति और ससुराल पक्ष की दरिंदगी का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
प्रीति ने अपने पति नीरज श्रीवास्तव और ससुराल पक्ष पर न सिर्फ बेरहमी से मारपीट करने, बल्कि पिता द्वारा उनके नाम लिखा गया मकान धोखे से हड़पने का भी गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी अंजना तिवारी ने घमापुर थाना पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दखलअंदाजी, शराब और मारपीट
प्रीति श्रीवास्तव की शादी को लगभग 16 साल हो चुके हैं और उनका एक 15 वर्षीय बेटा भी है।
-
कलह की शुरुआत: पीड़िता का कहना है कि शुरू के कुछ वर्ष ठीक थे, लेकिन पति नीरज श्रीवास्तव शराब का आदी हो गया।
-
परिवार की दखलअंदाजी: घरेलू झगड़े तब और बढ़ गए जब ननद रानी श्रीवास्तव शादी के बाद मायके आकर रहने लगीं। प्रीति का आरोप है कि ननद, जेठानी-नंदोई की दखलअंदाजी के बाद माहौल बिगड़ता गया और पति हर छोटी-बड़ी बात पर बच्चों के सामने ही हाथ उठाने लगा।
-
जानलेवा हमला: प्रीति ने बताया कि 14 नवंबर को पति नीरज, जेठ धीरज, नंद रानी और नंदोई अरविंद अचानक घर पहुंचे और पति ने उनके साथ लात-घूंसों से बेरहमी की मारपीट की। इससे एक दिन पहले उन्हें चाकू से हमला भी किया गया था।
धोखे से हड़पा मकान, बिजली-पानी काटा
प्रीति का सबसे गंभीर आरोप यह है कि ससुराल वालों ने उन्हें बेदखल करने और उनकी संपत्ति हड़पने की साजिश रची।
-
मकान हड़पा: पीड़िता ने बताया कि उनके पिता ने जो मकान उनके नाम लिखा था, उसे ससुराल वालों ने धोखे से हस्ताक्षर करवाकर ननद रानी श्रीवास्तव के नाम करवा लिया। अब उसी मकान को खाली करने को कहा जा रहा है।
-
मानसिक प्रताड़ना: पीड़िता का कहना है कि पिछले 7-8 महीनों से उनके घर की बिजली और पानी भी काट दिया गया है, जिसके चलते उनके बच्चों को मंदिर में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
-
धमकी: पति नीरज कथित तौर पर कहते हैं कि "थाने में 5 हजार रुपये देकर सब मामला निपटा देंगे।" पीड़िता ने पुलिस को इस बात की रिकॉर्डिंग भी सौंपी है।
एएसपी ने दिया त्वरित कार्रवाई का निर्देश
विवाहिता द्वारा सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्डिंग सौंपने के बाद एएसपी अंजना तिवारी ने मामले को गंभीर माना। उन्होंने घमापुर थाना पुलिस को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रीति श्रीवास्तव ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा, "मैं सिर्फ न्याय चाहती हूं। मेरे दो बच्चों के साथ मुझे सुरक्षित जीवन मिले और यदि मेरे नाम का मकान छीना गया है तो उसकी जांच हो।"