जशपुर छात्रा आत्महत्या: 'प्रिंसिपल सर मुझे बैड टच करते थे…', 9वीं कक्षा की छात्रा ने हॉस्टल में लगाई फांसी; रुला देगा सुसाइड नोट, आरोपी गिरफ्तार
Jashpur Chhatra Aatmhatya Principal Bad Touch: छत्तीसगढ़ में 9वीं की छात्रा ने प्रिंसिपल की अश्लील हरकतों से तंग आकर हॉस्टल में आत्महत्या की। सुसाइड नोट में 'बैड टच' का दर्द, आरोपी प्रिंसिपल गिरफ्तार।
जशपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। बगीचा थाना क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में 9वीं क्लास में पढ़ने वाली 15 साल की छात्रा ने प्रिंसिपल की अश्लील हरकतों से तंग आकर आत्महत्या कर ली। छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से झूलता मिला है।
पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें छात्रा ने अपना दर्द बयां करते हुए स्कूल के प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपी प्रिंसिपल कुलदीप टोपनो को फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
सुसाइड नोट में लिखा मानसिक प्रताड़ना का दर्द
यह हृदय विदारक घटना रविवार शाम करीब 7 बजे हुई, जब हॉस्टल की अन्य लड़कियां मैदान में खेल रही थीं।
-
आत्महत्या का कारण: छात्रा ने साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह पुलिस को कमरे की जांच के दौरान सुसाइड नोट मिला, जिसने पूरे मामले को हिलाकर रख दिया।
-
छात्रा का दर्द: सुसाइड नोट में छात्रा ने लिखा है कि "प्रिंसिपल सर मुझे बैड टच करते थे।" उसने आगे लिखा है कि प्रिंसिपल उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
-
अन्य छात्राओं पर असर: नोट में इस बात का भी जिक्र था कि प्रिंसिपल स्कूल की अन्य छात्राओं को भी अपनी प्रताड़ना का शिकार बना रहे हैं।
बिना अनुमति के चल रहा था स्कूल हॉस्टल
छात्रा सरगुजा जिले की रहने वाली थी और स्कूल परिसर में ही प्रिंसिपल द्वारा चलाए जा रहे हॉस्टल में रहती थी। साथी छात्रा ने जब शव को फंदे से लटका देखा, तो उसकी चीख निकल गई और उसने भागकर टीचर को सूचना दी।
-
आरोपी गिरफ्तार: जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि प्रिंसिपल कुलदीप टोपनो को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ जारी है।
-
नियमों का उल्लंघन: आदिवासी विकास विभाग के सहायक संचालक संजय सिंह ने बताया कि गोवासी गांव में चल रहा यह निजी स्कूल का छात्रावास पिछले दो साल से बिना अनुमति के ही चलाया जा रहा था।
घटना के बाद एजुकेशन और ट्राइबल विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अन्य मामलों के साथ इस मामले में भी नियमों के अनुसार स्कूल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।