क्वींस कॉलेज में रचा गया इतिहास, डॉ विजय भारतीय सिंह बनीं बोर्ड परीक्षा की प्रथम महिला प्रभारी

क्वींस कॉलेज के 235 वर्षों के इतिहास में पहली बार डॉ विजय भारतीय सिंह को बोर्ड परीक्षा की प्रथम महिला प्रभारी नियुक्त किया गया। महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम

Feb 5, 2026 - 14:29
 0
क्वींस कॉलेज में रचा गया इतिहास, डॉ विजय भारतीय सिंह बनीं बोर्ड परीक्षा की प्रथम महिला प्रभारी

जनपद में आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज, वाराणसी में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। कॉलेज के 235 वर्षों के गौरवमयी इतिहास में पहली बार किसी महिला शिक्षिका को बोर्ड परीक्षा प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए डॉ विजय भारतीय सिंह, प्रवक्ता (भूगोल) को नियुक्त किया गया है।

उल्लेखनीय है कि डॉ विजय भारतीय सिंह एक प्रतिभाशाली एवं कर्मठ शिक्षिका हैं। हाल ही में उन्होंने राज्य बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज और जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी शैक्षणिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और अनुशासनप्रिय कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह निर्णय महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा सहित हर क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता से नई पहचान बना रही हैं। क्वींस कॉलेज के इतिहास में यह नियुक्ति एक प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।

प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव एवं जिला विद्यालय निरीक्षक महोदय श्री भोलेंद्र प्रताप सिंह ने डॉ विजय भारतीय सिंह को इस नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई दी और परिषदीय बोर्ड परीक्षा 2025 को पूरी पारदर्शिता, अनुशासन और सफलता के साथ संपन्न कराने के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

यह नियुक्ति न केवल क्वींस कॉलेज के लिए गर्व का विषय है, बल्कि शिक्षा जगत में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और नेतृत्व को भी सशक्त रूप से दर्शाती है।