Varanasi News: 'विकसित भारत' के संकल्प के साथ क्वींस कॉलेज की बेटियों को मिली छात्रावास की सौगात; DM सत्येंद्र कुमार का जताया आभार
वाराणसी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के प्रयासों से क्वींस कॉलेज में छात्राओं को मिली हॉस्टल सुविधा। गणतंत्र दिवस पर छात्राओं ने भावुक होकर जताया आभार।
वाराणसी। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर वाराणसी के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित शैक्षिक संस्थान क्वींस कॉलेज में देशभक्ति का अनूठा रंग देखने को मिला। 'सशक्त छात्र, सशक्त राष्ट्र' के विजन को आत्मसात् करते हुए जहाँ एक ओर पूरे विद्यालय परिवार ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लिया, वहीं दूसरी ओर विद्यालय की छात्राओं के लिए यह दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया।
छात्राओं ने भावुक होकर कहा— 'महादेव आपको देश की हर बेटी की मदद की शक्ति दें'
विद्यालय की छात्राओं ने पायल पटेल के नेतृत्व में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। छात्रावास की सुविधा मुहैया कराए जाने पर छात्राओं ने बेहद भावुक अंदाज़ में जिलाधिकारी का धन्यवाद किया। छात्राओं ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा— "महादेव आपको इतनी शक्ति दें कि आप पूरे देश की बेटियों के लिए इसी तरह छात्रावास की सुविधा दे सकें।"
शिक्षा के प्रति DM की संवेदनशीलता: प्रधानाचार्य सुमीत श्रीवास्तव
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बेटियों की शिक्षा के प्रति अपने संवेदनशील और समावेशी दृष्टिकोण का परिचय देते हुए छात्रावास के लिए एक बड़ी धनराशि स्वीकृत की है।
उन्होंने न केवल संसाधन उपलब्ध कराए, बल्कि भविष्य में भी छात्राओं की शिक्षा के लिए प्राथमिकता के आधार पर हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिया है। इस महती योगदान के लिए प्रधानाचार्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने जिलाधिकारी के प्रति आभार प्रकट किया।
विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विद्यालय परिसर 'भारत माता की जय' के उद्घोष से गुंजायमान रहा। प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव के साथ समस्त शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप परिश्रम, अनुशासन, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा का पालन करते हुए 'राष्ट्र सर्वोपरि' की भावना से विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया।