मुस्तफाबाद में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 63 लोगों की जांच; 11 टीबी संदिग्ध चिन्हित
मुस्तफाबाद में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 63 लोगों की जांच की गई। 11 टीबी संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
संपूर्ण भारत न्यूज | वाराणसी
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चलाए जा रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान के 87वें दिन ग्राम सभा मुस्तफाबाद में निःशुल्क डिजिटल एक्स-रे, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन एवं जिला स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिविर का उद्घाटन ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पारस जी ने स्वयं एक्स-रे जांच कराकर किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन के परियोजना समन्वयक गौतम ने बताया कि फाउंडेशन भविष्य में भी ब्लॉक क्षेत्र में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में सक्रिय सहयोग देता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
शिविर में कुल 63 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान 11 लोगों में टीबी के संभावित लक्षण पाए गए, जिन्हें आगे की विस्तृत जांच एवं उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भेजा गया।
अभियान की सफलता में एसटीएस दिनेश श्रीवास्तव, सीएचओ गिरजेश मिश्रा, श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन के मनोज कुमार, पिरामल फाउंडेशन की राधिका और सुनीता, सीवी अहमद, एक्स-रे टेक्निशियन दीपक, पंचायत सहायक वंदना, आशा कार्यकर्ताओं, टीबी चैंपियनों तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ऐसे शिविरों का उद्देश्य बीमारी की समय रहते पहचान कर मरीजों को उचित उपचार उपलब्ध कराना है, जिससे समाज को टीबी जैसी गंभीर बीमारी से मुक्त किया जा सके।