विश्व रक्तदान दिवस पर आयोजित हुआ रक्तदान शिविर, लोगों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
विश्व रक्तदान दिवस पर भगवान बुद्ध चैरिटेबल ब्लड सेंटर भोजूबीर और होप हॉस्पिटल वाराणसी के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
वाराणसी। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर 14 जून 2026 को भगवान बुद्ध चैरिटेबल ब्लड सेंटर, भोजूबीर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का आयोजन अदानी फाउंडेशन के प्रतिनिधि अंजनी कुमार गुप्ता के सहयोग से किया गया, जिसमें फाउंडेशन से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। वहीं होप हॉस्पिटल, वाराणसी के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में भी रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें अस्पताल के चिकित्सकों, कर्मचारियों और अन्य लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचा सकता है। नियमित रक्तदान से न केवल दूसरों को जीवनदान मिलता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
शिविर के सफल संचालन में भगवान बुद्ध चैरिटेबल ब्लड सेंटर के डॉ. गौरव सिंह (मेडिकल ऑफिसर), सत्य प्रकाश सिंह (टेक्निकल सुपरवाइजर), सुरेश कुमार (लैब टेक्नीशियन), अंजलि, संजना, तुषार पांडे, विशाल कुमार शास्त्री सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।