राबड़ी आवास 10 सर्कुलर रोड खाली: 20 साल बाद लालू परिवार का ठिकाना बदलेगा, रोहिणी आचार्य ने नीतीश सरकार से पूछा- 'दिल से कैसे निकालिएगा?'

Rabri Aawas 10 Circular Road Khali: लालू परिवार को 20 साल बाद 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने का आदेश। रोहिणी आचार्य ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना। हार्डिंग रोड पर मिला नया बंगला।

Nov 25, 2025 - 23:01
 0
राबड़ी आवास 10 सर्कुलर रोड खाली: 20 साल बाद लालू परिवार का ठिकाना बदलेगा, रोहिणी आचार्य ने नीतीश सरकार से पूछा- 'दिल से कैसे निकालिएगा?'

पटना, बिहार: बिहार में हुए बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बाद अब लालू प्रसाद यादव परिवार को एक और बड़ा झटका लगा है। सरकार ने राबड़ी आवास 10 सर्कुलर रोड (Rabri Aawas 10 Circular Road Khali) को खाली करने का आदेश दे दिया है। यह आवास 2006 से लालू परिवार का ठिकाना रहा है और अब करीब 20 साल बाद उन्हें यह बंगला खाली करना पड़ रहा है।

भवन निर्माण विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को नोटिस भेजा है। यह फैसला बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के पद के अनुरूप नए आवास आवंटन के तहत लिया गया है।


हार्डिंग रोड पर मिला नया बंगला

राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के नाते पूर्व में 10 सर्कुलर रोड वाला आवास आवंटित किया गया था। नियमों के अनुसार, पद बदलने पर आवास भी उसी पद के अनुरूप दिया जाता है।

  • नया पता: राबड़ी देवी को पटना के हार्डिंग रोड पर केंद्रीय पूल आवास संख्या-39 आवंटित किया गया है। यह आवंटन तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

  • रद्द हुआ आवास: 10 सर्कुलर रोड पूर्व मुख्यमंत्री का आवास था, जो अब रद्द हो गया है। 2006 से यह बंगला लालू परिवार का ठिकाना रहा है और बिहार की राजनीति का एक प्रमुख केंद्र बना रहा।


लालू की बेटी रोहिणी आचार्य का तंज

10 सर्कुलर रोड खाली कराने के सरकारी आदेश पर लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर नीतीश सरकार पर निशाना साधा है।

  • रोहिणी का ट्वीट: उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, "सुशासन बाबू का विकास मॉडल। करोड़ों लोगों के मसीहा लालू प्रसाद यादव का अपमान करना पहली प्राथमिकता। घर से तो निकाल देंगे, बिहार की जनता के दिल से कैसे निकालिएगा। सेहत नहीं तो कम से कम लालू जी के राजनीतिक कद का ही सम्मान रखते।"


तेज प्रताप से भी बंगला वापस

इस बीच, लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव से भी उनका 26 एम स्टैंड रोड वाला सरकारी बंगला वापस ले लिया गया है। यह बंगला अब बीजेपी कोटे के मंत्री लखेंद्र पासवान को अलॉट किया गया है। भवन निर्माण विभाग ने इसे लेकर भी आदेश जारी कर दिया है।