टिहरी बस हादसा: यात्रियों से भरी बस 70 मीटर गहरी खाई में गिरी, 5 की दर्दनाक मौत; 13 घायल, CM धामी ने जताया दुख
Tehri Bus Hadsa: उत्तराखंड के टिहरी में यात्रियों से भरी बस 70 मीटर गहरी खाई में गिरी। हादसे में 5 की मौत और 13 घायल। सभी यात्री गुजरात से कुंजापुरी मंदिर दर्शन के लिए आए थे।
टिहरी, उत्तराखंड: उत्तराखंड के टिहरी जिले में सोमवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। नरेंद्र नगर क्षेत्र में कुंजापुरी-हिंडोलाखाल के पास यात्रियों से भरी एक बस लगभग 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 13 अन्य घायल हुए हैं।
हादसे के वक्त बस में कुल 18 यात्री सवार थे, जो सभी गुजरात से कुंजापुरी मंदिर के दर्शन के लिए आए हुए थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
-
घायलों का विवरण: टिहरी सीएमओ श्याम विजय ने बताया कि 13 घायल यात्रियों में से तीन को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जबकि शेष 10 को इलाज के लिए नरेंद्र नगर अस्पताल भेजा गया है।
-
रेस्क्यू: एसडीआरएफ की 5 टीमें मौके पर बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) ने कहा कि हादसे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घायलों को सभी जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख
इस हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
???? "टिहरी के नरेंद्र नगर कुंजापुरी मंदिर के समीप हुई बस दुर्घटना की खबर अत्यंत दुखद है, ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
उन्होंने यह भी बताया कि वह स्थानीय अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं।