वाराणसी मंडल में अवैध वेंडिंग और अनधिकृत पानी बिक्री के खिलाफ रेलवे का सख्त अभियान, कई लोग पकड़े गए
वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में ट्रेनों और प्रमुख स्टेशनों पर अवैध वेंडिंग तथा अनधिकृत पानी की बोतल बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस और गाजीपुर सिटी स्टेशन पर कई लोग पकड़े गए। इस कार्रवाई में बिना टिकट यात्रियों से जुर्माना वसूलते हुए 4,910 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ तथा बड़ी मात्रा में अनधिकृत पानी की बोतलें और कार्टन जब्त किए गए।
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में वाराणसी मंडल की ट्रेनों और प्रमुख स्टेशनों पर अवैध वेंडिंग तथा अनधिकृत पानी की बोतलों की बिक्री के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी है। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 14 अप्रैल 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के तहत गाड़ी संख्या 12562 डाउन स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में बलिया से छपरा जंक्शन के मध्य पेंट्री कार की जांच की गई। जांच के दौरान पेंट्री कार के अंदर अनधिकृत पानी के साथ 06 व्यक्ति बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। पकड़े गए सभी व्यक्तियों का नियमानुसार टिकट बनाते हुए पेनाल्टी वसूली गई, जिससे रेलवे को कुल 4,910 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
इसके साथ ही पेंट्री कार से 70 बोतल अनाधिकृत पानी ‘दिव्य जल PDW’ भी बरामद किया गया। जब्त की गई पानी की बोतलों को आगे की कार्रवाई के लिए पार्सल कार्यालय छपरा जंक्शन को सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे की यह कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। इसी दिन गाड़ी संख्या 14006 डाउन लिच्छवी एक्सप्रेस में मऊ से सिवान जंक्शन के मध्य जांच के दौरान पेंट्री कार से 12 कार्टन अनाधिकृत ब्रांड ‘ANUJAL’ पानी पकड़ा गया। बरामद पानी के कार्टनों को सीज कर वाणिज्य अधीक्षक सिवान को अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।
वहीं, गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर चलाए गए विशेष अभियान में 03 अनाधिकृत वेंडरों को पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। बिक्री में प्रयुक्त सामग्री समेत सभी को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट, गाजीपुर सिटी के सुपुर्द किया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को सुरक्षित और प्रमाणित खाद्य एवं पेय सामग्री उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। अवैध वेंडिंग और अनधिकृत बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।