बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नई सुविधा, द्वितीय प्रवेश द्वार पर लगा 6-लाइन डिजिटल ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड
बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर 6-लाइन डिजिटल ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड शुरू किया गया है। इस नई सुविधा से यात्रियों को स्टेशन में प्रवेश करते ही ट्रेनों की स्थिति, प्लेटफॉर्म नंबर और समय की जानकारी तुरंत मिल सकेगी, जिससे सुविधा और भीड़ प्रबंधन दोनों में सुधार होगा।
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल यात्रियों की सुख-सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार आधुनिक सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय के नेतृत्व में आज बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार स्थित पार्किंग स्थल पर 6-लाइन डिजिटल ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड स्थापित कर चालू कर दिया गया।
यह डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार (प्लेटफॉर्म नंबर 8 की ओर) पार्किंग क्षेत्र के पास लगाया गया है, जिससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही ट्रेनों की स्थिति, आगमन-प्रस्थान समय और प्लेटफॉर्म नंबर की जानकारी तत्काल मिल सकेगी।
रेलवे प्रशासन के इस प्रयास से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें स्टेशन के अंदर जाकर पूछताछ काउंटर या अन्य यात्रियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। बाहर से ही ट्रेन की पूरी जानकारी मिलने से समय की बचत होगी और अनावश्यक भीड़ भी कम होगी।
अधिकारियों के अनुसार यह सुविधा स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यात्रियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण तकनीकी सुधार है, जो आधुनिक रेलवे सेवाओं की दिशा में वाराणसी मंडल के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
यात्रियों ने भी इस नई व्यवस्था का स्वागत करते हुए इसे सुविधाजनक और उपयोगी पहल बताया है।