बिना टिकट यात्रा कर रहे 103 यात्री पकड़े गए, रेलवे ने वसूला ₹27,850 जुर्माना
वाराणसी मंडल के छपरा–सिवान–थावे–मशरख रेलखंड पर सघन टिकट जांच अभियान में 103 यात्री बिना टिकट पकड़े गए। रेलवे ने ₹27,850 जुर्माना वसूल कर यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील की।
वाराणसी मंडल में रेलवे द्वारा बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को छपरा–सिवान–थावे–जलालपुर–मशरख–छपरा कचहरी रेलखंड पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 103 यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़ा गया।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में यह विशेष चेकिंग अभियान वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर चलाया जा रहा है। बुधवार, 8 अप्रैल को छपरा, सिवान, जलालपुर, थावे, मशरख और छपरा कचहरी स्टेशन को आधार बनाकर छपरा कचहरी–थावे–मशरख रेलखंड पर व्यापक टिकट जांच की गई।
इस दौरान 75103 छपरा–थावे डेमू, 75105 थावे–नकहा जंगल डेमू, 55036 गोरखपुर–सिवान सवारी गाड़ी तथा 55109 थावे–मशरख–छपरा कचहरी सवारी गाड़ी सहित कई ट्रेनों में किलाबंदी कर जांच अभियान चलाया गया।
टिकट जांच टीम में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक थावे विशाल कुमार सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर, राजेश सिंह, राजीव कुमार, अमित कुमार, सुधाकर मिश्रा, प्रकाश कुमार, प्रतिमा कुमारी और ममता कुमारी सहित कुल 8 टिकट जांच कर्मचारी तथा रेलवे सुरक्षा बल का एक जवान शामिल रहा।
अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा और अनियमित टिकट पर सफर कर रहे 103 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे रेलवे राजस्व के रूप में ₹27,850 जुर्माना वसूला गया। जुर्माना वसूलने के बाद सभी यात्रियों को छोड़ दिया गया।
टिकट जांच की इस सघन कार्रवाई के चलते संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी यात्री रेल नियमों का पालन करें और यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही सफर करें। साथ ही ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में भी सहयोग करें।