ग्रीष्मकालीन अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का आगाज, वाणिज्य विभाग ने 90 रन से जीता उद्घाटन मैच

वाराणसी के लहरतारा रेलवे मिनी स्टेडियम में अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच में वाणिज्य विभाग ने सिगनल विभाग को 90 रन से हराया।

Apr 8, 2026 - 17:43
 0
ग्रीष्मकालीन अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का आगाज, वाणिज्य विभाग ने 90 रन से जीता उद्घाटन मैच

Varanasi: लहरतारा स्थित रेलवे मिनी स्टेडियम में बुधवार को ग्रीष्मकालीन अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का शानदार शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में वाणिज्य विभाग और सिगनल विभाग की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें वाणिज्य विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 90 रन से जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने टॉस कराकर किया। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद उन्होंने मैच की पहली गेंद पर बल्लेबाजी कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पॉल, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

मैच में सिगनल विभाग ने टॉस जीतकर वाणिज्य विभाग को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। वाणिज्य विभाग ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 201 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

टीम की ओर से विनय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों पर 11 चौके और 5 छक्कों की मदद से 90 रन बनाए। वहीं लक्ष्मण यादव ने 32 गेंदों पर 59 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। अमित राज ने 16 गेंदों पर 17 रन का योगदान दिया।

सिगनल विभाग की ओर से लवकुश ने 3 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि धर्मेंद्र और सागर को एक-एक विकेट मिला।

202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिगनल विभाग की टीम 10.5 ओवर में 111 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से लवकुश ने 31 रन और संदीप ने 23 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

वाणिज्य विभाग की ओर से गेंदबाजी में संतोष ने 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके। दीपक यादव ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि अमित राज और जीशान को एक-एक विकेट मिला।

शानदार 90 रन की पारी खेलने वाले विनय को पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ खिलाड़ी राकेश गुप्ता द्वारा मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का दूसरा मैच सायंकाल में विद्युत टी.आर.डी. और विद्युत (ऑपरेशन) विभाग के बीच खेला जाएगा।