ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सिगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 लाख के अवैध गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी के थाना सिगरा पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 30.745 किलो अवैध गांजा, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है, बरामद किया। अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को बोलेरो पिकअप वाहन सहित गिरफ्तार किया गया।

Apr 8, 2026 - 10:14
 0
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सिगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 लाख के अवैध गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत चेकिंग अभियान के दौरान थाना सिगरा पुलिस ने 30.745 किलो अवैध गांजा बरामद करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक चार पहिया बोलेरो पिकअप वाहन भी कब्जे में लिया है।

पुलिस आयुक्त द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में की गई। सिगरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप कैंट ओवरब्रिज से उतरकर महमूरगंज की ओर जाएगी, जिसमें अवैध मादक पदार्थ होने की आशंका है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अमूल डेयरी एनईआर पार्क के पास घेराबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान कैंट की ओर से तेज रफ्तार में आती एक सफेद बोलेरो पिकअप को रोकने का इशारा किया गया। वाहन को रोककर तलाशी लेने पर उसके अंदर रखी दो सफेद बोरियों से कुल 30 पैकेट गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से संतोष कुमार बेहरा (40 वर्ष) और रोहित साहू (48 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी ओडिशा के अनुगुल जिले के ठाकुरगढ़ थाना क्षेत्र के सानुला गांव के निवासी बताए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से कम दाम में गांजा खरीदकर उसे वाराणसी और आसपास के स्थानीय बाजारों में अधिक कीमत पर बेचने के लिए ला रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपी बोलेरो पिकअप के पीछे लोहे की सीट के नीचे पैकेट छिपाकर गांजे की तस्करी करते थे।

इस मामले में थाना सिगरा में मु0अ0सं0 0123/2026 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में नशे के अवैध कारोबार पर सख्त नजर रखी जा रही है और आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।