भावनगर पैथोलॉजी लैब में आग: कालूभा रोड कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग, खिड़कियों से निकाले गए मरीज; 50 दमकलकर्मी बुझाने में जुटे
Bhavnagar Pathology Lab Mein Aag: गुजरात के भावनगर में पैथोलॉजी लैब में भीषण आग। 10 दमकल की गाड़ियों ने 50 कर्मचारियों के साथ 20 लोगों को खिड़कियों से निकाला। शॉर्ट सर्किट की आशंका।
भावनगर, गुजरात: गुजरात के भावनगर में बुधवार सुबह कालूभा रोड स्थित एक बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह कॉम्प्लेक्स कई निजी अस्पतालों, पैथोलॉजी लैबों, दुकानों और दफ्तरों से भरा हुआ है। आग की शुरुआत कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट से हुई और कुछ ही मिनटों में धुआं पूरी इमारत में फैल गया।
भावनगर पैथोलॉजी लैब में आग लगते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई, और नाइस चिल्ड्रन हॉस्पिटल समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती मरीजों की सांसें फूलने लगीं। फायर ब्रिगेड की 10 दमकल वाहन और 50 से ज्यादा फायरफाइटर्स राहत और बचाव में जुटे।
खिड़कियां तोड़कर बचाए गए मरीज
फायर ऑफिसर प्रद्युम्न सिंह जडेजा के अनुसार, दमकल टीम ने युद्धस्तर पर कार्रवाई करते हुए अब तक 19 से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है।
-
रेस्क्यू ऑपरेशन: बचाव दल ने नाइस चिल्ड्रन हॉस्पिटल और अन्य अस्पतालों की खिड़कियां तोड़कर सीढ़ियों के जरिए मरीजों को बाहर निकाला। कई बच्चों को शीशा तोड़कर स्ट्रेचर पर सुरक्षित दूसरी जगह ले जाया गया।
-
स्थिति: आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और कूलिंग प्रक्रिया जारी है। राहत की बात यह है कि अब तक कोई हताहत नहीं हुआ है।
-
कारण: आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पैथोलॉजी के मैनेजर से भी पूछताछ की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की। मेडिकल स्टाफ ने तुरंत मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट करना शुरू कर दिया।