भोपाल अवैध शराब ट्रक जब्त: ‘सर, ट्रक में तो प्लास्टिक दाना है…’ झूठ बोलकर भागने की फिराक में था ड्राइवर, तलाशी में ₹1.20 करोड़ की अवैध शराब मिली
Bhopal Avedh Sharab Truck Zapt: भोपाल पुलिस ने ₹1.20 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक जब्त किया। ड्राइवर ने झूठ बोला- 'ट्रक में प्लास्टिक दाना है'। शराब इंदौर होते हुए गुजरात जा रही थी।
भोपाल, मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। खजूरी सड़क थाना पुलिस ने ₹1 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक जब्त किया है। यह शराब इंदौर होते हुए गुजरात भेजी जा रही थी।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर जाकिर शेख (50 वर्ष, निवासी इंदौर) को गिरफ्तार कर लिया है। ड्राइवर ने पकड़े जाने पर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा।
चेकिंग में हुआ खुलासा
थाना खजूरी सड़क में 27 नवंबर, गुरुवार को सुबह करीब 4 बजे पुलिस ने नाकेबंदी कर ट्रक (एमपी 09 एचजी 6305) को रोका।
-
झूठा बहाना: जब पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान ड्राइवर जाकिर शेख से पूछा कि ट्रक में क्या है, तो उसने हकलाते हुए बताया कि "सर ट्रक में प्लास्टिक दाना है।" ड्राइवर के भागने की कोशिश और संदिग्ध हाव-भाव से पुलिस का शक गहराया।
-
बरामदगी: ट्रक थाने ले जाया गया, जहां तिरपाल हटाकर जांच की गई। अंदर से 1200 पेटियां अवैध अंग्रेजी शराब की भरी मिलीं, जिनकी कीमत ₹1.20 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने करीब ₹40 लाख रुपये की कीमत वाले ट्रक को भी जब्त किया है।
बैरागढ़ से इंदौर होते हुए गुजरात का था प्लान
पूछताछ में ड्राइवर जाकिर शेख ने बताया कि शराब की पेटियां बैरागढ़ स्थित स्कायलैंड गार्डन के पास से लोड की गई थीं।
-
रूट: यह अवैध शराब पहले इंदौर भेजी जानी थी, जिसके बाद इसे गुजरात भेजने का प्लान था।
-
दस्तावेज: आरोपी के पास न तो वैध लाइसेंस था और न ही ट्रक के दस्तावेज थे।
जाकिर शेख को कोर्ट में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब उससे तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है और माना जा रहा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।