बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी जीतू सैनी एनकाउंटर में ढेर
बुलंदशहर के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 50 हजार के इनामी मुख्य आरोपी जीतू सैनी को मुठभेड़ में मार गिराया। खुर्जा के जिम में बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद में तीन युवकों की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी ढाकर रोड पर पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया, जबकि मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
बुलंदशहर, संवाददाता।
जनपद बुलंदशहर में 25 अप्रैल को हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस का मुख्य आरोपी जीतू सैनी आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश जीतू सैनी ढाकर रोड पर पुलिस और एसओजी टीम के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया।
पुलिस के अनुसार, जीतू सैनी वही आरोपी था जिसने खुर्जा क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित एक जिम में जन्मदिन पार्टी के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग कर तीन युवकों की हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात में आकाश, मनीष और अमनदीप की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
बताया जा रहा है कि घटना के दिन बर्थडे पार्टी के दौरान केक लगाने को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इसी दौरान जीतू सैनी ने .32 बोर पिस्टल से अंधाधुंध गोलियां चला दीं और तीन लोगों की जान ले ली।
घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ढाकर रोड पर उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में जीतू सैनी मारा गया।
मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी असलम और एक अन्य सिपाही भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस एनकाउंटर के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता और बढ़ा दी गई है।