उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के सम्मान समारोह एवं वार्षिक अधिवेशन का भव्य आयोजन

वाराणसी के भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद द्वारा सम्मान समारोह और वार्षिक अधिवेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया।

Apr 8, 2026 - 19:43
 0
उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के सम्मान समारोह एवं वार्षिक अधिवेशन का भव्य आयोजन

वाराणसी से अश्वनी सेठ की रिपोर्ट 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद, जनपद वाराणसी द्वारा बुधवार, 8 अप्रैल 2026 को भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज, इंग्लिशिया लाइन में सम्मान समारोह एवं वार्षिक अधिवेशन कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के प्रधानाचार्यों, शिक्षा जगत से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य डॉ. हरेंद्र कुमार राय उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व शिक्षक विधायक श्री चेतनारायण सिंह, परिषद के संरक्षक श्री देव कृष्ण शर्मा, जनपद अध्यक्ष डॉ. चारु चंद्र त्रिपाठी तथा महामंत्री डॉ. महेंद्र सिंह सहित जनपद के अनेक प्रधानाचार्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सम्मान समारोह रहा, जिसमें वाराणसी जनपद से राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। साथ ही इस वर्ष सेवानिवृत्त हुए प्रधानाचार्यों को सम्मान देकर उनके योगदान को सराहा गया। उनके स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने वाले नवनियुक्त प्रधानाचार्यों का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

सम्मानित होने वाले प्रमुख प्रधानाचार्यों में डॉ. अशोक कुमार सिंह (डीएवी इंटर कॉलेज), डॉ. एन. के. सिंह (जेपी मेहता नगर निगम इंटर कॉलेज), डॉ. श्यामजीत सिंह यादव (खेदन लाल इंटर कॉलेज), राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त डॉ. रमेश प्रताप सिंह (उदय प्रताप इंटर कॉलेज) तथा डॉ. राजेश पाठक (हाथी बरनी इंटर कॉलेज) सहित अन्य शिक्षाविद शामिल रहे।

अधिवेशन के दौरान जनपदीय कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इसमें डॉ. चारु चंद्र राम त्रिपाठी को पुनः अध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर डॉ. प्रतिभा यादव, डॉ. गोविंद नारायण सिंह, माया शंकर यादव, डॉ. नागेंद्र प्रताप सिंह, उमेश नारायण सिंह एवं फूलचंद पटेल को जिम्मेदारी सौंपी गई।

इसी प्रकार गौरव सिंह को कोषाध्यक्ष, डॉ. आनंद प्रभा सिंह को महामंत्री तथा मंत्री पद के लिए राम राज मिश्रा, शशि प्रकाश गौतम, गुलाब सिंह एवं संजय दुबे का चयन किया गया। संगठन मंत्री के रूप में डॉ. उमेश कुमार सिंह, संयुक्त मंत्री पद पर भरत विश्वकर्मा एवं कलाधर दुबे तथा कार्यकारी सदस्य के रूप में प्रियंका तिवारी, मधु यादव, नीति सिंह, मनजीत पटेल एवं प्रदीप वर्मा को चुना गया।

कार्यक्रम का संचालन जनपद के पूर्व महामंत्री डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने किया। समारोह में शिक्षा जगत के विकास, विद्यालय प्रशासन की चुनौतियों तथा नई शिक्षा नीतियों पर भी सार्थक चर्चा की गई।

यह आयोजन शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रधानाचार्यों के सम्मान और संगठन को नई दिशा देने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।