पंजाब कैबिनेट हेल्थ प्लान: बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर, 12 श्रेणियों के 300 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को सूचीबद्ध करने की मंजूरी
Punjab Cabinet Health Plan: पंजाब सरकार ने बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 12 श्रेणियों के 300 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को सूचीबद्ध करने की मंजूरी दी। सहकारी बैंकों के नियमों में भी बदलाव को मंजूरी मिली।
चंडीगढ़, पंजाब: पंजाब के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में मंत्रिमंडल ने आज एक अहम फैसला लिया है। पंजाब कैबिनेट ने 12 प्रमुख श्रेणियों के 300 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को सूचीबद्ध (Empanel) करने की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री दफ्तर के प्रवक्ता ने बताया कि इस कदम से राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और सकैंडरी स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।
इन 12 श्रेणियों के डॉक्टरों को मिलेगी मंजूरी
कैबिनेट ने जिन 12 महत्वपूर्ण श्रेणियों के 300 विशेषज्ञ डॉक्टरों को सूचीबद्ध करने का निर्णय लिया है, उनमें ये प्रमुख श्रेणियां शामिल हैं:
-
चिकित्सा: मैडीसिन, पीडियाट्रिक्स (बाल रोग विशेषज्ञ), साइकियाट्री (मनोरोग विशेषज्ञ), डर्मेटोलॉजी (त्वचा रोग विशेषज्ञ), चेस्ट एवं टी.बी. (छाती रोग विशेषज्ञ)।
-
सर्जरी: सर्जरी, गायनेकोलॉजी (स्त्री रोग विशेषज्ञ), ऑर्थोपेडिक्स (हड्डी रोग विशेषज्ञ), ऑप्थल्मोलॉजी (नेत्र रोग विशेषज्ञ), ई.एन.टी. (कान, नाक, गला विशेषज्ञ) तथा एनेस्थीसियोलॉजी।
जिला स्तर पर होगी सूचीबद्धता
-
प्रक्रिया: इन विशेषज्ञ डॉक्टरों को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया जिला स्तर पर सिविल सर्जनों के माध्यम से की जाएगी।
-
सेवाएं: एम्पैनल हुए डॉक्टर ओ.पी.डी., आई.पी.डी., इमरजेंसी, बड़े-छोटे ऑपरेशन तथा अन्य विभिन्न सेवाओं के लिए प्रति मरीज एम्पैनलमेंट फीस लेने के हकदार होंगे।
अन्य महत्वपूर्ण फैसले
मुख्यमंत्री मान की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के अलावा अन्य क्षेत्रों से जुड़े अहम फैसले भी लिए गए:
-
सहकारी बैंक: पंजाब को-ऑपरेटिव सोसायटीज नियम, 1963 के तहत एकसमान अनुशासनात्मक एवं अपीलीय ढांचे को मंजूरी दी गई। इससे केन्द्रीय सहकारी बैंकों में एकरूपता आएगी और अपील चैनलों की दोहरी प्रक्रिया रुकेगी।
-
खनन नियम: खनन सेवाओं को और अधिक कुशल, नागरिक-हितैषी तथा पारदर्शी बनाने के लिए पंजाब माइनर मिनरल रूल्स, 2013 में संशोधन करने की अनुमति दी गई।