आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की ओर बड़ा कदम: जिला महिला चिकित्सालय वाराणसी में मॉड्यूलर ओटी का उद्घाटन

Apr 20, 2026 - 13:19
 0
आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की ओर बड़ा कदम: जिला महिला चिकित्सालय वाराणसी में मॉड्यूलर ओटी का उद्घाटन

वाराणसी से अश्वनी सेठ की रिपोर्ट 

वाराणसी, 20 अप्रैल 2026: जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला महिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर (ओटी) का शुभारंभ किया गया। इस अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. नीना वर्मा ने बताया कि शासन द्वारा स्वीकृत यह मॉड्यूलर ओटी आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है, जिससे विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को बेहतर और त्वरित उपचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से मरीजों को कम समय में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में उपस्थित विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि इस मॉड्यूलर ओटी के शुरू होने से मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा और महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी।

नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर नारायण सिंह ने जानकारी दी कि इस अत्याधुनिक ओटी में एक समय में दो मरीजों का ऑपरेशन किया जा सकता है, जिससे अस्पताल की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने यह भी बताया कि शहर के मध्य स्थित इस चिकित्सालय में यह पहला मॉड्यूलर ओटी है, जो घनी आबादी के बीच बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा।

इस मौके पर वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. संजीव वर्मा, परामर्शदाता डॉ. अलका सिंह, निश्चेतक डॉ. उमेश सिंह, चीफ फार्मासिस्ट हरेन्द्र सिंह, सिस्टर दीपिका दयाल, नर्सिंग ऑफिसर नेहा श्री, डीईओ अजीत मिश्रा सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

अस्पताल प्रशासन का मानना है कि इस नई सुविधा से न केवल उपचार की गुणवत्ता बढ़ेगी, बल्कि मरीजों को सुरक्षित और प्रभावी चिकित्सा सेवाएं भी सुनिश्चित हो सकेंगी।