अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर वाराणसी मंडल का विशेष अभियान, हजारों लोगों को किया गया जागरूक
अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने बनारस, ज्ञानपुर रोड, राजातालाब और कछवा रोड सहित कई स्थानों पर सुरक्षा अभियान चलाया। इस दौरान 2050 पंपलेट, 1000 सुरक्षा बैग और 500 संरक्षा डायरी वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया।
वाराणसी, 09 जून 2026। पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा और संरक्षा को लेकर निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एम. रमेश कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस-2026 मनाया गया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और समपारों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह एवं सेफ्टी काउंसलरों की टीम ने बनारस और ज्ञानपुर रोड स्टेशनों के साथ-साथ बनारस-ज्ञानपुर रोड रेलखंड के संवेदनशील एवं व्यस्त समपार संख्या 7C, 8C, 10C, 24C, 30SPL तथा 37C पर लोगों को रेलवे सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। टीम ने पंपलेट वितरित कर वाहन चालकों और राहगीरों को रेलवे ट्रैक पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
इस दौरान लोगों को बताया गया कि रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय वाहन सही गियर में रखें, ईयरफोन या ध्वनि विस्तारक उपकरणों का प्रयोग न करें तथा किसी भी स्थिति में सुरक्षा नियमों की अनदेखी न करें। अभियान के दौरान "जीवन समय से ज्यादा मूल्यवान है, समपारों को पार करने में सावधानी बरतें", "समपार बंद होने पर उसके नीचे से न जाएं" तथा "गेटमैन पर फाटक खोलने का अनावश्यक दबाव न बनाएं" जैसे संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
रेलवे द्वारा राजातालाब, कछवा रोड और ज्ञानपुर बाजार जैसे व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्रों में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। संरक्षा संगठन और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीमों ने आसपास के गांवों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों, विद्यार्थियों और सड़क उपयोगकर्ताओं को रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
सेफ्टी काउंसलर विजय यादव, अविनाश मिश्रा, चंदन कुमार, शशांक शर्मा, विकास कुमार और दीनानाथ की टीम ने बाजारों, पेट्रोल पंपों, दुकानों, स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में जाकर "रुकिए, देखिए, तब जाइए" का संदेश दिया। अभियान के दौरान सड़क उपयोगकर्ताओं एवं आम जनता के बीच 2050 सुरक्षा पंपलेट, 1000 संरक्षा बैग तथा 500 संरक्षा डायरी वितरित की गईं।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियानों का मुख्य उद्देश्य रेलवे क्रॉसिंगों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना तथा लोगों में सुरक्षा नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। वाराणसी मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से जनसुरक्षा को प्राथमिकता देता रहेगा।