अभिनव सिंह की धमाकेदार पारी से प्रशासन की शानदार जीत, 8 विकेट से हराया चिकित्सा विभाग
अभिनव कुमार सिंह की तूफानी 52 रन की पारी की बदौलत प्रशासन टीम ने चिकित्सा विभाग को 8 विकेट से हराया और अंतर विभागीय T-20 प्रतियोगिता में शानदार जीत दर्ज की।
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पाल के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल पर चल रही अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में 11 अप्रैल 2026 को खेले गए मुकाबले में प्रशासन टीम ने चिकित्सा विभाग को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए चिकित्सा विभाग की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 140 रन बनाए। टीम की ओर से सत्येंद्र ने 40 रन, राम भुवन ने 39 रन तथा डॉ. आशीष गुप्ता ने 24 रनों का योगदान दिया। प्रशासन की ओर से यशवीर सिंह और बालेन्द्र पाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा पुष्पेंद्र वैश, धनंजय, राकेश और अमित ने एक-एक विकेट लिया।
141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रशासन टीम ने महज 11.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 145 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत के हीरो रहे अभिनव कुमार सिंह, जिन्होंने मात्र 16 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 52 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा ऋषि कपूर ने 27 रन, राकेश ने 17 रन और बालेन्द्र पाल ने 16 रन का योगदान दिया।
चिकित्सा विभाग की ओर से सत्येंद्र ने 2 विकेट लिए, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
शानदार अर्धशतकीय पारी खेलने वाले अभिनव कुमार सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार यशवीर सिंह द्वारा प्रदान किया गया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और खेल भावना देखने को मिली तथा दर्शकों ने भी मुकाबले का भरपूर आनंद लिया।