नगर निगम आदमपुर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन
श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन सहित तीन संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से वाराणसी के आदमपुर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं HIV/AIDS जागरूकता शिविर आयोजित, 283 लोगों ने लिया लाभ।
वाराणसी से अश्वनी सेठ की रिपोर्ट
वाराणसी। नगर निगम आदमपुर क्षेत्र में बुधवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन, बनारस नेटवर्क फॉर पॉजिटिव पीपुल्स लिविंग विथ एचआईवी एड्स सोसायटी तथा वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
शिविर में नगर निगम के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और HIV/AIDS जांच के साथ-साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराया। प्रतिभागियों को सर्दी, खांसी, बुखार एवं वायरल फीवर से संबंधित दवाएं भी नि:शुल्क वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान गौतम (परियोजना कोऑर्डिनेटर, श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन) ने संस्था का परिचय देते हुए इसके द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं मनोज (निदेशक, बनारस नेटवर्क) सहित संतोष कुमार और साधना ने भी जागरूकता पर बल दिया।
शिविर में डॉ. राजेश मिश्रा (काउंसलर, PDDU ICTC सेंटर) एवं मनीष सोनकर समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। साथ ही श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन से मनोज कुमार, पूजा शर्मा, नीता देवी तथा वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 283 लोगों ने भाग लेकर जांच कराई और दवाओं का लाभ उठाया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।