प्रधानमंत्री पर कथित अभद्र टिप्पणी मामले में अजय राय के खिलाफ FIR, गिरफ्तारी की मांग तेज
वाराणसी महिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनीता सोनी की शिकायत पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ थाना चौक में FIR दर्ज। संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर गिरफ्तारी की मांग की।
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी की शिकायत पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ थाना चौक में धारा 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले के दर्ज होते ही संगठन की ओर से अजय राय की गिरफ्तारी की मांग भी तेज कर दी गई है।
वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन हैं और उनके खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग न केवल अनुचित है, बल्कि इससे देशवासियों और काशी की जनता की भावनाएं भी आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर मर्यादा का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सुनीता सोनी ने कहा कि उनकी शिकायत पर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, अब प्रशासन को निष्पक्ष जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अजय राय की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े नेताओं को अपने शब्दों और व्यवहार में संयम रखना चाहिए। स्वस्थ लोकतंत्र के लिए राजनीतिक संवाद में शालीनता और मर्यादा बनाए रखना बेहद जरूरी है।
वाराणसी महिला व्यापार मंडल ने प्रशासन से मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।