वाराणसी में सपा का अनोखा प्रदर्शन, ‘गौमाता’ को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की उठाई मांग
वाराणसी में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गौमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। भाजपा पर गौ-राजनीति और गौशालाओं में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए।
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर ‘गौमाता’ को साथ लेकर प्रदर्शन किया, उनकी पूजा-अर्चना की, चारा खिलाया और केंद्र सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने भाजपा पर ‘गौ-राजनीति’ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी केवल चुनाव के समय गाय और धर्म की बात करती है, जबकि जमीन पर गौमाताओं की स्थिति बेहद खराब है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा नेता जीशान अंसारी ने कहा कि भाजपा के लिए गाय केवल वोट बैंक की राजनीति का माध्यम बन चुकी है। चुनाव खत्म होते ही सड़कों पर बेसहारा घूमती गायें भूख और बीमारी से जूझती नजर आती हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकारी गौशालाएं भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुकी हैं, जहां करोड़ों रुपये के बजट खर्च होने के बावजूद गायों की स्थिति में कोई सुधार नहीं दिख रहा। सपा नेताओं का कहना था कि कई जगहों पर गायें पर्याप्त चारा और इलाज के अभाव में दम तोड़ रही हैं।
सपा नेता शुभम सेठ गोलू ने भाजपा सरकार पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा देश में गाय और धर्म के नाम पर राजनीति करती है, वहीं दूसरी तरफ भारत दुनिया के बड़े बीफ निर्यातक देशों में शामिल है। उन्होंने मांग की कि यदि भाजपा वास्तव में गौसंरक्षण को लेकर गंभीर है तो देश से बीफ निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
वहीं प्रभाकर यादव ने कहा कि गाय केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि गाय का दूध कुपोषण के खिलाफ लड़ाई में उपयोगी है, जबकि गोबर और गोमूत्र जैविक खेती को बढ़ावा देने में सहायक हैं।
सपा नेता अभिषेक झा ने केंद्र सरकार से संसद में कानून बनाकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की। साथ ही प्रदेश की गौशालाओं में हो रहे खर्च और गायों की मौतों की न्यायिक जांच कराने की भी मांग उठाई गई।
प्रदर्शन में शामिल आनंद यादव ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने गौसंरक्षण और राष्ट्रीय पशु घोषित करने को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए, तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।
इस दौरान शिवेंद्र राय, जितेंद्र पटेल, संजय पटेल, प्रीतम यादव, अमित कुमार “विक्की”, पुनीत मौर्य, राज श्रीवास्तव, जवाहर यादव, आरिफ खान, फरहान सिद्दीकी, धीरू चौबे, फहद सिद्दीकी, दाऊद खान, कैफ अहमद, सिद्धार्थ सोनकर और इमरान खान समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।