अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
वाराणसी के पराड़कर भवन, मैदागिन में अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन के जिला एवं महानगर पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, समाज की एकता और संत श्री नरहरि दास स्मृति द्वार निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
वाराणसी। अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन की वाराणसी इकाई के जिला एवं महानगर पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को पराड़कर भवन, मैदागिन स्थित सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पृथ्वी पाल सिंह स्वर्णकार ने की।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन की मजबूती, एकता और विस्तार पर विशेष बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के हितों की रक्षा एवं स्वर्णकार समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता है।
शपथ ग्रहण करने वालों में जिलाध्यक्ष दीपक सेठ, महानगर अध्यक्ष सुजीत वर्मा, महानगर प्रभारी एकता सेठ तथा महिला महानगर अध्यक्ष श्वेता सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहीं। सभी पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी कार्यकारिणी के साथ संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण बनाए रखने की ईश्वर की शपथ ली।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पृथ्वी पाल सिंह एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा ने राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के समक्ष मैदागिन चौराहे से गोदौलिया चौराहे के मध्य नीचीबाग क्षेत्र में महान संत श्री नरहरि दास की स्मृति में एक भव्य द्वार निर्माण की मांग रखी। इस पर मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने शीघ्र ही इस मांग को पूरा कराने का आश्वासन दिया।
विचार गोष्ठी को राजीव कुमार वर्मा, अविनाश सेठ, दिलीप सोनी, दीपक सेठ, सुजीत वर्मा एवं कुमारी एकता सिंह सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनोद वर्मा ने किया।
समारोह में बड़ी संख्या में स्वर्णकार समाज के गणमान्य लोग, व्यापारी एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।