के.वी.एन बैडमिंटन एकेडमी के 4 दिवसीय टूर्नामेंट का शुभारंभ, विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किया उद्घाटन
वाराणसी में के.वी.एन बैडमिंटन एकेडमी द्वारा आयोजित चार दिवसीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का उद्घाटन रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किया। प्रतियोगिता में लगभग 500 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें जूनियर से लेकर सीनियर व वेटरन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
वाराणसी से जिला रिपोटर विवेक यादव की रिपोर्ट
वाराणसी, 23 अप्रैल:
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में के.वी.एन बैडमिंटन एकेडमी द्वारा आयोजित चार दिवसीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल के करकमलों द्वारा किया गया। यह टूर्नामेंट 23 अप्रैल से 26 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. सुनील पटेल का एकेडमी के प्रधान कोच दीपक सिंह द्वारा अंगवस्त्र व पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस प्रतियोगिता में लगभग 500 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें विभिन्न स्कूलों और अकादमियों के बच्चे शामिल हैं। टूर्नामेंट में 11 वर्ष से लेकर 19 वर्ष तक के लड़के और लड़कियां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। विशेष बात यह रही कि प्रतियोगिता में सीनियर और वेटरन खिलाड़ियों को भी अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया गया।
एकेडमी द्वारा इस टूर्नामेंट के आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर उभरते हुए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का मंच प्रदान करना है।
इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोगी कोच मृदुलेश कुमार, जितेंद्र कुमार, आनंद सिंह सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह टूर्नामेंट न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर दे रहा है, बल्कि खेल के प्रति युवाओं में उत्साह और जागरूकता भी बढ़ा रहा है।