मऊ स्टेशन पर पूर्वोत्तर रेलवे स्काउट एवं गाइड का जल सेवा अभियान जारी, यात्रियों को पिलाया गया ठंडा पानी

भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत देने के लिए मऊ रेलवे स्टेशन पर पूर्वोत्तर रेलवे स्काउट एवं गाइड की ओर से नि:शुल्क जल सेवा अभियान चलाया गया। स्काउट्स और गाइड्स ने विभिन्न ट्रेनों के जनरल कोचों में यात्रियों को ठंडा पानी वितरित किया।

Jun 1, 2026 - 13:16
Jun 1, 2026 - 13:18
 0
मऊ स्टेशन पर पूर्वोत्तर रेलवे स्काउट एवं गाइड का जल सेवा अभियान जारी, यात्रियों को पिलाया गया ठंडा पानी

भीषण गर्मी के बीच रेल यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे स्काउट एवं गाइड जिला संघ की मऊ शाखा द्वारा मऊ रेलवे स्टेशन पर नि:शुल्क ग्रीष्मकालीन जल सेवा अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एवं वैगन) अनुभव पाठक के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।

ग्रीष्मकालीन जल सेवा अभियान के तहत 31 मई 2026 को भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ वाराणसी की मऊ शाखा के सुभाष ग्रुप एवं स्वरूप रानी गाइड ग्रुप द्वारा विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने मऊ स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों के यात्रियों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया।

अभियान के अंतर्गत गाड़ी संख्या 14005 एक्सप्रेस, 15129 इंटरसिटी एक्सप्रेस, 15130 इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित अन्य यात्री ट्रेनों के जनरल कोचों में यात्रा कर रहे यात्रियों को नि:शुल्क ठंडा पानी पिलाया गया। गर्मी से परेशान यात्रियों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए स्काउट एवं गाइड सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस सेवा अभियान का संचालन रोवर लीडर विनोद कुशवाहा एवं स्काउट मास्टर पुष्कर कुमार के नेतृत्व में किया गया। अभियान में 08 स्काउट्स एवं गाइड्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं ग्रुप लीडर राकेश कुमार, उप मुख्य टिकट निरीक्षक तथा अन्य रेल कर्मचारियों ने भी जल सेवा अभियान में सहयोग प्रदान किया।

रेल प्रशासन एवं स्काउट-गाइड संगठन द्वारा संचालित यह जनसेवा अभियान यात्रियों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।