बनारस रेलवे स्टेशन पर लॉन्च हुआ स्मार्ट नेविगेशन सिस्टम, यात्रियों को मिलेगी गूगल मैप्स जैसी सुविधा
बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए “मार्गदर्शक” स्मार्ट नेविगेशन सिस्टम लॉन्च किया गया है, जिससे स्टेशन के भीतर रास्ता खोजना अब गूगल मैप्स जितना आसान हो गया है।
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए एक और आधुनिक पहल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में बनारस रेलवे स्टेशन (BNRS) पर अत्याधुनिक “मार्गदर्शक” स्मार्ट नेविगेशन सिस्टम की शुरुआत की गई है।
वाराणसी मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा शुरू की गई यह नई सुविधा यात्रियों के स्टेशन अनुभव को पूरी तरह बदलने वाली मानी जा रही है। प्लेटफॉर्म संख्या-8 के पास मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थापित एलईडी टच-स्क्रीन कियोस्क अब यात्रियों को स्टेशन के भीतर रास्ता खोजने में गूगल मैप्स जैसी सुविधा प्रदान करेगा।
यह स्मार्ट सिस्टम केवल डिजिटल मैप नहीं बल्कि पूरे स्टेशन का लाइव इंटरैक्टिव मैप और 360 डिग्री वर्चुअल स्टेशन विजन टूर उपलब्ध कराता है। इसके माध्यम से यात्री स्टेशन पर मौजूद शौचालय, पानी के बूथ, वॉटर कूलर, आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटर, जन सुविधा केंद्र, वातानुकूलित लाउंज, विभिन्न श्रेणी के प्रतीक्षालय, बेबी फीडिंग कक्ष, यात्री विश्रामालय, डोरमेट्री, जन आहार, फूड एवं कैटरिंग स्टॉल, पार्किंग तथा छात्रावास जैसी सुविधाओं तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
यात्रियों को चयनित स्थान तक पहुंचाने के लिए सिस्टम क्यूआर कोड आधारित स्मार्ट नेविगेशन पथ भी उपलब्ध कराता है, जिसे स्कैन कर यात्री अपने मोबाइल फोन पर गूगल मैप्स की तरह स्टेशन के भीतर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
इस स्मार्ट नेविगेशन सिस्टम में ऑडियो-विजुअल मार्गदर्शन के साथ विशेष दिव्यांग-अनुकूल मार्ग भी उपलब्ध कराया गया है। साथ ही रेलवे ट्रैक के पास जाने पर स्मार्ट चेतावनी (अलर्ट) की सुविधा दी गई है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके अतिरिक्त व्हीलचेयर एवं अन्य यात्री सहायता सेवाओं के लिए डिजिटल हेल्प डेस्क की सुविधा भी प्रदान की गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह पहल डिजिटल इंडिया और स्मार्ट रेलवे स्टेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।