विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वाराणसी मंडल में ‘‘पर्यावरण संरक्षण अभियान’’ का शुभारम्भ

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वाराणसी मंडल में 15 मई से 05 जून तक “पर्यावरण संरक्षण अभियान” चलाया जा रहा है, जिसमें जागरूकता, स्वच्छता और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे।

May 17, 2026 - 11:28
 0
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वाराणसी मंडल में ‘‘पर्यावरण संरक्षण अभियान’’ का शुभारम्भ

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में 15 मई से 05 जून 2026 तक “पर्यावरण संरक्षण अभियान” चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अभिषेक राय के नेतृत्व में इस अभियान का शुभारम्भ 15 मई को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में किया गया।

अभियान की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर की गई। शपथ में सभी ने अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक बदलाव अपनाने तथा परिवार, मित्रों और समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (आप) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति) अशोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. आर.जे. चौधुरी सहित सभी शाखाधिकारी एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि पानी और ऊर्जा संरक्षण की शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए तथा छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े बदलाव संभव हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत वाराणसी मंडल के सभी कोचिंग डिपो, कार्यालयों, यूनिटों एवं प्रमुख स्टेशनों पर पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 15 से 18 मई तक पोस्टर, बैनर एवं डिजिटल संदेशों के माध्यम से यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

19 से 22 मई तक प्लेटफॉर्मों पर प्लास्टिक कचरे के निस्तारण, स्वच्छता अभियान एवं एकल उपयोग प्लास्टिक के निषेध के प्रति जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। वहीं 23 से 26 मई तक यात्रियों को पानी की बोतल साथ रखने, कपड़े के थैले के उपयोग तथा कूड़ेदान के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।

27 से 30 मई तक “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत स्टेशन, रेलवे कॉलोनियों एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण किया जाएगा। इसके साथ ही फिटनेस, पर्यावरण आधारित ड्राइंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं तथा डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा।

31 मई से 04 जून तक जल एवं ऊर्जा संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर स्वच्छ, हरित एवं सतत पर्यावरण निर्माण में योगदान देने की अपील की।