प्रयागराज रामबाग स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का निरीक्षण, गुणवत्ता पूर्ण कार्य समय से पूरा करने के निर्देश
पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने प्रयागराज रामबाग स्टेशन और रनिंग रूम का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने शुक्रवार 16 मई 2026 को अपर मंडल रेल प्रबंधक अजय कुमार सिंह के साथ प्रयागराज रामबाग स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास कार्यों एवं रनिंग रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में अपर महाप्रबंधक ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं जैसे प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, यात्री आरक्षण केंद्र, पैदल उपरिगामी पुल, लिफ्ट, वॉटर कूलर, यात्री शेड एवं यात्री बेंचों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही यार्ड सुधार एवं यात्री सुविधा विकास से संबंधित चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए
इसके बाद अपर महाप्रबंधक ने प्रयागराज रामबाग स्थित रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रनिंग स्टाफ को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, मेस में भोजन की गुणवत्ता, विश्राम कक्ष, योग कक्ष, शुद्ध पेयजल एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने रनिंग रूम के सर्कुलेटिंग एरिया में बंद पड़े फव्वारे को पुनः चालू कराने तथा परिसर की व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह, मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव, सहायक मंडल इंजीनियर (लाइन) मुक्ता सिंह, सहायक परिचालन प्रबंधक एस. के राय सहित अन्य वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं स्टेशन कर्मचारी उपस्थित रहे।