वाराणसी मंडल की अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले, यांत्रिक और इंजीनियरिंग विभाग की शानदार जीत

वाराणसी मंडल में चल रही अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में यांत्रिक विभाग ने रेल सुरक्षा बल को 2 विकेट से और इंजीनियरिंग विभाग ने कार्मिक विभाग को 56 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। सुजीत यादव और विजय को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Apr 14, 2026 - 19:08
 0
वाराणसी मंडल की अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले, यांत्रिक और इंजीनियरिंग विभाग की शानदार जीत

वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पाल के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के क्रीड़ा स्थल पर चल रही अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दोनों मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में रेल सुरक्षा बल (RPF) और यांत्रिक विभाग आमने-सामने रहे। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेल सुरक्षा बल की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए। टीम की ओर से रामप्रवेश यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों पर 63 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं राजेश सिंह ने 32 रन और शेषनाथ ने 11 रन का योगदान दिया।

यांत्रिक विभाग की ओर से विशाल सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि प्रशांत श्रीवास्तव ने 2 विकेट हासिल किए।

155 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यांत्रिक विभाग की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 19 ओवर में 8 विकेट पर 157 रन बनाकर मैच दो विकेट से जीत लिया और पूरे दो अंक अपने नाम किए।

यांत्रिक विभाग की ओर से सुजीत यादव ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 23 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें आठ शानदार छक्के शामिल रहे। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ खिलाड़ी कलाम अली खान द्वारा प्रदान किया गया।

दिन का दूसरा मुकाबला कार्मिक विभाग और इंजीनियरिंग विभाग के बीच खेला गया, जिसमें बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंजीनियरिंग विभाग ने 20 ओवर में 2 विकेट पर विशाल स्कोर 266 रन खड़ा किया।

टीम की ओर से विजय ने 98 रन और ऋषभ ने 91 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा अजीत ने 23 रन और सुभाष ने 13 रन का योगदान दिया।

267 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए कार्मिक विभाग की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया, लेकिन 20 ओवर में 4 विकेट पर 211 रन ही बना सकी। इस तरह इंजीनियरिंग विभाग ने यह मुकाबला 56 रन से जीत लिया।

कार्मिक विभाग की ओर से वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव सिंह ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर 104 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 15 चौके और पांच छक्के शामिल रहे।

इंजीनियरिंग विभाग के विजय को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के जोश और खेल भावना ने पूरे क्रीड़ा स्थल का माहौल उत्साह से भर दिया।