भेलूपुर थाना की तत्परता से लाखों के जेवरात व नकदी से भरा बैग मिला, चौकी प्रभारी विकास मिश्रा की मेहनत लाई रंग

वाराणसी के भेलूपुर थाना अंतर्गत दुर्गाकुंड चौकी पुलिस की सक्रियता से कैब में छूटा लाखों रुपये नकद और कीमती जेवरात से भरा बैग सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया गया। चौकी प्रभारी विकास मिश्रा की तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Apr 11, 2026 - 13:04
 0
भेलूपुर थाना की तत्परता से लाखों के जेवरात व नकदी से भरा बैग मिला, चौकी प्रभारी विकास मिश्रा की मेहनत लाई रंग

वाराणसी से गोलू शर्मा की रिपोर्ट 

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गाकुंड चौकी पुलिस की सक्रियता और तत्परता ने एक परिवार की बड़ी चिंता को खुशी में बदल दिया। चौकी प्रभारी दुर्गाकुंड विकास मिश्रा की मेहनत और संवेदनशील कार्यशैली के चलते लाखों रुपये मूल्य का सामान सुरक्षित बरामद कर उसके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 09 अप्रैल 2026 को अजय बाजोरिया, पुत्र स्वर्गीय नारायण दास बाजोरिया, निवासी विश्वनाथ गली, वाराणसी ने चौकी दुर्गाकुंड, थाना भेलूपुर में सूचना दी कि उनकी सास गीता देवी मोदी, पत्नी स्वर्गीय नारायण मोदी, जो कोलकाता से वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची थीं, ब्रह्मानंद कॉलोनी, दुर्गाकुंड आने के लिए बुक की गई कैब में अपना बैग भूल गई हैं।

बताया गया कि बैग में लगभग एक लाख रुपये नकद, 20 ग्राम का एक चांदी का सिक्का, 10-10 ग्राम के दो चांदी के सिक्के, हीरे के आभूषण, सोने की अंगूठी सहित अन्य कीमती जेवरात रखे हुए थे। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विकास मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

उन्होंने कमांड सेंटर एवं स्थानीय अभिसूचना इकाई के साथ समन्वय स्थापित कर कैब की जानकारी जुटाई। उनकी कुशल कार्यशैली और त्वरित प्रयासों के चलते कैब चालक सतीश निषाद, पुत्र रामअवतार निषाद, निवासी ग्राम गाय घाट, सुदाव पोस्ट मैडी, थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली से तुरंत संपर्क स्थापित किया गया।

चौकी प्रभारी के निर्देश पर जब कैब चालक ने वाहन की तलाशी ली, तो बैग सुरक्षित अवस्था में मिल गया। इसके बाद 10 अप्रैल 2026 को अजय बाजोरिया एवं उनके परिजनों को दुर्गाकुंड चौकी बुलाकर समस्त सामान सुरक्षित रूप से सुपुर्द कर दिया गया। सामान प्राप्त होने के बाद आवेदक द्वारा लिखित सुपुर्दगीनामा भी पुलिस को सौंपा गया।

चौकी प्रभारी विकास मिश्रा की तत्परता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस के इस सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए भूरि-भूरि प्रशंसा की।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस की सजगता और मानवीय दृष्टिकोण से आमजन का विश्वास और मजबूत होता है।