इटावा हत्या ₹40 की चोरी: ₹40 की चोरी का इल्जाम लगा तो गुस्से में लाल पीला हुआ किशोर, 80 साल की बुजुर्ग महिला को ईंट से कुचलकर मार डाला
Etawah Murder: 40 रुपये की चोरी के आरोप से भड़के नाबालिग किशोर ने 80 साल की बुजुर्ग राममूर्ति देवी की ईंट से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। नाबालिग आरोपी गिरफ्तार।
इटावा, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के इटावा में एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोर ने महज ₹40 की चोरी का आरोप लगने पर 80 साल की बुजुर्ग महिला राममूर्ति देवी की बेरहमी से हत्या कर दी। गुस्से में तमतमाए किशोर ने पहले महिला का गला घोंटा और फिर ईंट से कुचलकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। यह हत्या पूरी तरह से रंजिश और बदले की भावना से की गई थी।
घटना के नौ दिन बाद, थाना जसवंतनगर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने किया।
रंजिश की शुरुआत: ₹40 की चोरी
-
विवाद की जड़: करीब 25 दिन पहले, 15 वर्षीय नाबालिग गुटखा लेने मृतका राममूर्ति देवी की दुकान पर पहुंचा था। उसी दौरान उन पर ₹40 चोरी करने का आरोप लगा।
-
बदला लेने की ठानी: राममूर्ति देवी ने यह शिकायत नाबालिग के पिता से कर दी। पिता ने गुस्से में बेटे को पीटा और ₹40 महिला को दे दिए। यही घटना नाबालिग के मन में गहरे बैठ गई और उसने बदला लेने की ठान ली।
खेत में धोखे से ले जाकर की हत्या
यह हृदय विदारक वारदात मौकहमनगर खेड़ा इलाके में 19 नवंबर की दोपहर को हुई।
-
साजिश: नाबालिग साइकिल से खेतों की ओर जा रहा था। रास्ते में उसे राममूर्ति देवी मिलीं, जो सरसों का साग तोड़ने जा रही थीं। नाबालिग ने धोखे से उन्हें दूसरे खेत में बेहतर साग होने की बात कहकर ले गया।
-
हत्या का तरीका: जैसे ही महिला झुककर साग तोड़ने लगीं, नाबालिग ने पीछे से उनके पैर खींचकर गिरा दिया और पीठ पर बैठकर गला दबाने लगा। जब गला दबाने से भी सांसें पूरी तरह बंद नहीं हुईं, तो आरोपी पास लगे कुएं से ईंट उठाकर लाया और सिर पर कई वार कर दिए।
-
गिरफ्तारी: पुलिस ने कॉल डिटेल और आसपास के लोगों के बयानों की गहन जांच की। मृतका के पति सूरतराम राजपूत ने पुलिस को 40 रुपये चोरी की घटना बताई, जिसके बाद शक नाबालिग पर गहराया। पुलिस ने नाबालिग को गश्त के दौरान पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट भी बरामद कर ली गई है।
सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि यह हत्या पूरी तरह रंजिश और बदले की भावना से की गई।