कैण्ट पुलिस व एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 10 अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरफ्तार, XUV700 समेत नकदी बरामद

वाराणसी: 10 अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरफ्तार, XUV700 और 1.70 लाख नकद बरामद

Apr 8, 2026 - 20:06
 0
कैण्ट पुलिस व एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 10 अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरफ्तार, XUV700 समेत नकदी बरामद

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के तहत अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कैण्ट थाना पुलिस और एसओजी-01 की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 10 अंतरराज्यीय टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 70 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त XUV700 चार पहिया वाहन (अनुमानित मूल्य करीब 18 लाख रुपये) बरामद किया गया है।

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैण्ट सर्किल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में थाना कैण्ट पुलिस टीम और एसओजी-01 ने संयुक्त रूप से यह सफलता प्राप्त की।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जितेन्द्र मिश्रा, मृत्युंजय कुमार सिंह, कुनाल कुमार तिवारी, राजू पाण्डेय, राजेश्वर तिवारी, राहुल तिवारी, सूरज तिवारी, संजय तिवारी, मुकुल तिवारी तथा रिक्की तिवारी उर्फ अनिकेत तिवारी के रूप में हुई है। सभी आरोपी मुख्य रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह एक संगठित अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह है, जो पहले अपने वाहन से दूसरे जनपदों में जाकर होटल में ठहरता था और बैंकों, एटीएम तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की रेकी करता था। जब उन्हें किसी व्यक्ति के पास अधिक नकदी होने की जानकारी मिलती, तो गिरोह का एक सदस्य उस व्यक्ति पर जानबूझकर छोले, सब्जी या गंदा पानी डाल देता था। इसके बाद दूसरा सदस्य मदद के बहाने बैग या नकदी पर हाथ साफ कर देता था और सभी आरोपी वाहन से मौके से फरार हो जाते थे।

यह कार्रवाई 10 फरवरी 2026 को दर्ज एक मामले के खुलासे में की गई। मामले में चंदा देवी, निवासी हनुमानगंज सरैया नंबर-1, वाराणसी ने थाना कैण्ट में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने छलपूर्वक उनका बैग चोरी कर लिया, जिसमें 7 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चेकबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी के अलावा चेकबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, निर्वाचन आयोग पहचान पत्र, भारतीय स्टेट बैंक एटीएम कार्ड, स्वास्थ्य विभाग कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त XUV700 वाहन भी बरामद किया है।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ वाराणसी के अलावा भागलपुर, पूर्णिया, मोतिहारी, कटिहार, रोसड़ा, बेगूसराय, हसनपुर और सुल्तानगंज समेत बिहार के विभिन्न जिलों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इन मामलों की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार कुंतल, अभिषेक सिंह, एसओजी प्रथम प्रभारी गौरव सिंह, कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार, मनमोहन कुमार और साइबर सेल से रोहित तिवारी शामिल रहे।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।