ऑपरेशन उपलब्ध के तहत रेलवे टिकट दलाल गिरफ्तार, तत्काल टिकट बेचकर करता था अवैध कमाई
ऑपरेशन उपलब्ध के तहत आरपीएफ वाराणसी सिटी ने सारनाथ आरक्षण केंद्र से एक टिकट दलाल को गिरफ्तार किया। आरोपी तत्काल टिकटों को अतिरिक्त रकम लेकर बेचता था।
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में टिकट दलाली के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन उपलब्ध" के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी जरूरतमंद यात्रियों को रेलवे टिकट के मूल मूल्य से अधिक रकम लेकर तत्काल आरक्षित टिकट उपलब्ध कराता था।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के निर्देशन तथा आरपीएफ वाराणसी सिटी की प्रभारी निरीक्षक भुनेश्वरी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान उप निरीक्षक सुधीर कुमार राय, कांस्टेबल संजय यादव और कांस्टेबल अजय कुमार सोनकर सारनाथ रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सारनाथ आरक्षण केंद्र में छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान शिवधार (25 वर्ष) निवासी परनापट्टी चौबेपुर खुर्द, थाना चोलापुर, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक तत्काल आरक्षित रेलवे टिकट, दो भरे हुए आरक्षण मांग पत्र, 2550 रुपये नकद तथा एक पुराना ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी यात्रियों से रेलवे टिकट के निर्धारित मूल्य के अतिरिक्त 400 से 500 रुपये तक वसूल कर आरक्षण काउंटर पर लाइन में लगकर तत्काल टिकट निकलवाता था और फिर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचता था।
बरामद टिकट में गाड़ी संख्या 22178 महानगरी एक्सप्रेस का वाराणसी से दादर तक का तत्काल आरक्षित टिकट शामिल है, जिसकी यात्रा तिथि 10 जून 2026 है।
आरपीएफ ने आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में मु.अ.सं. 327/26 पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक शिशु कुमार हेमंत द्वारा की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट खरीदें तथा किसी भी प्रकार की टिकट दलाली या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे प्रशासन को दें।