अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं की स्थिति व भूमिका पर विचार गोष्ठी आयोजित

वाराणसी के बाबतपुर में श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं की वर्तमान स्थिति और उनकी भूमिका पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में 319 महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

Mar 8, 2026 - 18:46
 0
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं की स्थिति व भूमिका पर विचार गोष्ठी आयोजित

वाराणसी। श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन द्वारा 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बाबतपुर, वाराणसी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “वर्तमान समय में महिलाओं की स्थिति एवं भूमिका” रहा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन के निदेशक भईयालाल पटेल ने संस्था का परिचय देते हुए की। उन्होंने बताया कि संस्था समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं संस्था की सह-निदेशिका बैजन्ती पटेल ने संस्था द्वारा संचालित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए महिलाओं से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य रविशंकर सिंह (ब्लॉक प्रमुख, पिण्डरा) ने महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतिथि प्रबुद्धजन काशी न्यास संस्था के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह गौतम ने महिलाओं की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज महिलाएं देश के हर क्षेत्र में अपनी पहचान और मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।

कार्यक्रम का संचालन संस्था के वित्त निदेशक रंजन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संस्था के परियोजना कोऑर्डिनेटर श्री गौतम ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर बनारस नेटवर्क फॉर पॉजिटिव पीपुल्स लिविंग विद एचआईवी/एड्स सोसायटी वाराणसी से परियोजना कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार के साथ साधना, संगीता और सोनी उपस्थित रहीं।

 वहीं श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन से मनोज कुमार, पूजा शर्मा, नीता, ईश्वरलाल, विकास कुमार, जैन आशिष, आकाश कुमार और रंजीत ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में कुल 319 महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी जागरूकता और सहभागिता दर्ज कराई।