लाडकी बहिन योजना जयकुमार गोरे विवाद: ‘पति नहीं देते ₹100 पर देवा भाऊ ने दिए ₹1500’, फडणवीस के मंत्री के बयान पर सियासी बवाल; विपक्ष ने बताया महिलाओं का अपमान

Ladki Bahin Yojana Jaykumar Gore Vivaad: CM फडणवीस के मंत्री जयकुमार गोरे का विवादित बयान। बोले- 'पति ₹100 नहीं देते, देवा भाऊ (फडणवीस) ने ₹1500 दिए'। विपक्ष ने इसे महिलाओं का अपमान बताया।

Dec 1, 2025 - 17:02
 0
लाडकी बहिन योजना जयकुमार गोरे विवाद: ‘पति नहीं देते ₹100 पर देवा भाऊ ने दिए ₹1500’, फडणवीस के मंत्री के बयान पर सियासी बवाल; विपक्ष ने बताया महिलाओं का अपमान

सोलापुर, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव प्रचार के बीच, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी और ग्राम विकास मंत्री जयकुमार गोरे के बयान ने सियासी घमासान को चरम पर पहुंचा दिया है। गोरे ने सोलापुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए 'लाडकी बहिन योजना' का गुणगान करते हुए कहा कि "आपके पति आपको 100 रुपये नहीं देते, जबकि देवाभाऊ (फडणवीस) ने आपको हर महीने 1500 रुपये दिए हैं।"

गोरे के इस बयान पर विपक्षी दल भड़क गए हैं और इसे महिलाओं की भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल बता रहे हैं।


'राखी पर भी भाई पत्नी से पूछकर देता है ₹100'

जयकुमार गोरे ने अपने बयान में महिलाओं को योजना का महत्व समझाते हुए कहा कि यह योजना सीधे सीएम फडणवीस की पहल है।

  • विवादित बयान: गोरे ने कहा, "आपका पति भी आपको 100 रुपये नहीं देता, लेकिन देवा भाऊ ने 1500 रुपये आपके खाते में भेजे हैं। इसके लिए थोड़ा आभार तो दिखाएं।"

  • राखी का संदर्भ: उन्होंने आगे कहा, "राखी पूर्णिमा पर आपका सगा भाई भी थाली में 100 रुपये तभी डालता है, जब उसकी पत्नी सिर हिलाती है। अगर पत्नी मना करे, तो भाई 100 रुपये वापस जेब में रख लेता है, लेकिन मुख्यमंत्री फडणवीस बिना किसी शर्त के आपको 1500 रुपये दे रहे हैं।"

  • चेतावनी: गोरे यहीं नहीं रुके। उन्होंने दावा किया कि "देवा भाऊ नहीं रहे तो आपके खाते में 1500 रुपये आने बंद हो जाएंगे।"


विपक्ष का पलटवार और शिंदे गुट की नसीहत

जयकुमार गोरे सीएम फडणवीस के बेहद करीबी माने जाते हैं, और उनके इस बयान को सीधे चुनावी संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

  • विपक्ष का रुख: विपक्षी दल इसे महिलाओं की भावनाओं और आर्थिक जरूरतों का राजनीतिक इस्तेमाल बता रहे हैं। गोरे के इस बयान के बाद चुनावी तापमान और चढ़ गया है।

  • शिंदे गुट की टिप्पणी: एकनाथ शिंदे की पार्टी ने भी कहा है कि नेताओं को बयान सोच समझकर देने चाहिए। उन्होंने कहा कि लाडकी बहिन योजना सरकार की है और पैसा जनता का है।

महाराष्ट्र में पहले चरण का मतदान 2 दिसंबर को होगा और मतगणना 3 दिसंबर को होगी। निकाय चुनावों में लाडकी बहिन योजना क्रेडिट वॉर का असर कितना होता है, यह नतीजे ही तय करेंगे।